आरएसएस के गोवा चीफ सुभाष वेलिंगकर को उनके पद से हटाने के बाद संघ में घमासान शुरू हो गया है। 300 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने उनका निलंबन वापस न लेने के विरोध में इस्तीफे की धमकी दे डाली है।
कार्यकर्ताओं ने ये भी चेतावनी दी है कि अगर उनकी बात नहीं मानी जाती है तो अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के लिए काम किया जाएगा। वहीं वेलिंगकर ने रक्षा मंत्री और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर परिकर पर हमला बोलते हुए कहा कि वह मेरे सामने बड़े हुए और अब मुझे ही धोखा दे दिया।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही आरएसएस ने गोवा ईकाई के प्रमुख सुभाष वेलिंगकर को उनके पद से हटा दिया था। उन पर आरोप था कि वह लगातार भाजपा की नीतियों का विरोध कर रहे हैं। कुछ दिन पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के गोवा दौरे के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे भी दिखाए थे। इस पर संघ ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कहा था कि वह पार्टी की परंपरा से हटकर इसके विरुद्ध कार्य कर रहे हैं।