उत्तर गोवा के 'बिर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब अग्निकांड में 25 मौतों के मामले में जिला मजिस्ट्रेट अंकित यादव की अध्यक्षता वाली जांच समिति ने जमीन मालिक प्रदीप अमोकर और सरपंच रोशन रेडकर से कड़ी पूछताछ की। पुलिस ने पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार किया, जबकि मालिक गौरव और सौरभ लूथरा फिलहाल थाईलैंड में हिरासत में हैं।
उत्तर गोवा के 'बिर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में बीते छह दिसंबर को हुए अग्निकांड के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में 25 लोगों की जान चली गई थी। ऐसे में अब इस मामले में गोव सरकार ने गोवा सरकार ने एक जांच समिति बनाई है। जिला मजिस्ट्रेट अंकित यादव की अध्यक्षता में बनाई गई इस समिति ने नाइटक्लब के असली जमीन मालिक प्रदीप घड़ी अमोंकर और अर्पोरा-नगोआ के सरपंच रोशन रेडकर से पूछताछ की।
अमोकर को शनिवार को दोपहर 3.30 बजे बुलाया गया और रात 10.30 बजे तक पूछताछ हुई। उनके वकील ने कहा कि यह बहुत सख्त और गहन पूछताछ थी। सरपंच रोशन रेडकर ने भी सवालों के जवाब दिए। रेडकर पहले ही इस मामले में अग्रिम जमानत ले चुके हैं।
क्लब के मैनेजर और कर्मचारियों की गिरफ्तारी
बता दें कि गोवा पुलिस ने क्लब के पांच मैनेजर और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, क्लब के मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा फिलहाल थाईलैंड पुलिस की हिरासत में हैं, क्योंकि वे देश छोड़कर भाग गए थे। दूसरी ओर राज्य सरकार ने अन्य क्लबों की जांच भी तेज कर दी है।