गोवा के सदा उप कारागार में करीब 49 कैदियों ने मंगलवार की रात भागने की कोशिश की और लगभग पूरे जेल को अपने नियंत्रण में लिया। इस घटना में एक कैदी की मौत हो गई जबकि जेलर समेत दो गार्ड तथा 11 कैदी जख्मी हो गए। मृतक कैदी विनायक कोरबातकर हत्या के एक मामले में पिछले साल जुलाई से कैद था तथा उसे कोलवाले जेल से यहां लाया गया था।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कारा) सिद्धिविनायक नाईक ने बुधवार को बताया कि 49 कैदियों ने पिछली रात लगभग पूरे जेल को कब्जे में ले लिया था और जेल में तोड़फोड़ की। उन्होंने जेलर विठ्ठल गावस और दो गार्ड पर हमला किया जो अभी अस्पताल में भर्ती हैं। कैदियों ने जेलर के कार्यालय का फर्नीचर समेत जेल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान 11 कैदी घायल भी हो गए।
पुलिस ने बताया कि कोरबातकार के शरीर पर चाकू घोंपने के निशान मिले थे। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक करार दिया। मध्यरात्रि तक पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और बचे कुछ सेलों में सबको बंद कर दिया गया। इस घटना के बाद जेल की मरम्मत की आवश्यकता है क्योंकि यह अब कैदियों के रखने लायक सुरक्षित नहीं रहा है। इस वजह से सभी कैदियों को कोलवाले जेल में स्थानांतरित किया जाएगा।