नवनियुक्त मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को पूवोरिम स्थित राज्य सचिवालय पहुंचकर कार्यभाल संभाला। उन्होंने सबसे पहले अपने कार्यालय में परिकर की पुरानी कुर्सी पर उनकी तस्वीर रखवाई और उसके बाद खुद बराबर में दूसरी कुर्सी पर बैठकर कामकाज संभाला। इससे पहले वह दोपहर करीब 12 बजे परिकर के परिजनों से मिलने दौना पाउला स्थित उनके निजी आवास पर पहुंचे।
परिकर के मातहत रहकर राजनीति की कखग सीखने वाले सावंत ने मीडिया से कहा, परिकर मेरे लिए पिता जैसे थे। वह मेरी प्रेरणा और सबकुछ थे। मैं यहां पर केवल उनकी वजह से हूं। सावंत ने कहा, मुझे परिकर ने विधायक बनाया, स्पीकर बनाया और अब मैं सिर्फ उनकी वजह से मुख्यमंत्री बना हूं। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री के तौर पर मेरा लक्ष्य परिकर की तरह हर आदमी तक पहुंचकर उसका काम कराना है।
यह है विधानसभा की स्थिति
इस तटीय राज्य में भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने अपने पास 21 विधायकों का समर्थन होने का दावा किया है, जिसमें 12 विधायक भाजपा के और 3-3 विधायक गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) व महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के तथा 3 विधायक निर्दलीय हैं। 40 सदस्यीय विधानसभा का संख्याबल भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा और मनोहर परिकर के निधन तथा दो कांग्रेसी विधायकों सुभाष शिरोडकर व दयानंद सोप्ते के इस्तीफों के बाद घटकर 36 रह गया है। कांग्रेस के पास सबसे ज्यादा 14 विधायक हैं, जबकि एक विधायक एनसीपी का है।