भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के ग्रुप स्टेज का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। हालांकि, अभी भी यह तय नहीं हुआ है कि प्लेऑफ और फाइनल के मैच कब होंगे।
23 मार्च को चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स और आरसीबी के बीच मैच से इसकी शुरुआत होगी और 56वां मैच 5 मई, रविवार को मुंबई इंडियंस और कोलकाता के बीच मुंबई में होगा। प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल बाद में जारी होगा।
इससे पहले 19 फरवरी को आईपीएल के पहले दो हफ्तों का शेड्यूल जारी किया गया था। भारत में होने वाले लोकसभा चुनावों की वजह से पहले दो हफ्तों (5 अप्रैल तक) के कार्यक्रम का ही एलान किया गया था।
चुनाव के चलते दक्षिण अफ्रीका या फिर यूएई में कराए जाने का अंदेशा था। हालांकि आईपीएल गर्वनिंग काउंसिल की तरफ से कहा गया है कि पूरा टूर्नामेंट भारत में ही खेला जाएगा। बता दें कि आईपीएल के सभी मैच शाम 4 और रात 8 बजे से खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट के इस यानी 12वें संस्करण में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं।
ये हैं टीमें : रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, चेन्नई सुपरकिंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, किंग्स इलेवन पंजाब। चेन्नई और मुंबई की टीम सर्वाधिक तीन-तीन बार खिताब चुकी हैं। वहीं, कोलकाता ने दो बार फाइनल अपने नाम किया। राजस्थान, सनराइजर्स और डेक्कन चार्जर्स एक-एक बार विजेता बनी।