पश्चिम बंगाल में अलग गोरखालैंड की मांग कर रहे गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बिमल गुरुंग एक बार फिर दार्जिलिंग आने की तैयारी में है। इंटेलिजेंस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गुरुंग 30 अक्तूबर तक दार्जिलिंग में वापसी करने की तैयारी कर रहे हैं।
सूत्रों की माने तो गुरुंग पुलिस से बचने के लिए मानव ढाल का इस्तेमाल कर सकते हैं। जिससे पुलिस के लिए ओपन फायर कर पाना मुश्किल हो जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक गुरुंग अभी अपनी पार्टी में किसी बदलाव के खिलाफ है।
पढ़ें: पश्चिम बंगाल पुलिस ने GJM के 11 नेताओं को किया गिरफ्तार
उनका मानना है कि वह एक बार फिर गोरखालैंड की मांग को हवा दे सकते हैं। इसके लिए वह दार्जिलिंग में सभा कर लोगों को बताएंगे कि उन्हें गोरखालैंड की मांग की वजह से बलि का बकरा बनाया गया है। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार होने से पहले वह लोगों के बीच एक शहीद जैसी छवि बनाना चाहते हैं।
बता दें कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुक्रवार को लगभग 170 हथियारबंद गोरखालैंड कार्यकर्ताओं से निपटने के लिए महज 20 पुलिसकर्मियों को भेजा था। पुलिस वालों के पास न तो बुलेटप्रूफ जैकेट थी और न ही हेडगियर दिए गए थे। खुफिया विभाग ने राज्य पुलिस को इस बाबत चेतावनी भी दी है।