बिहार के मुंगेर में 225 फुट गहरे बोरवेल में गिरी 3 साल की मासूम सना को आखिरकार 28 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद बाहर निकाल लिया गया है। इस दौरान 29 घंटे 40 मिनट तक बच्ची भूखी-प्यासी गड्ढे में फंसी रही। हालांकि, इस दौरान पाइप के जरिये बच्ची तक ऑक्सीजन पहुंचाई जाती रही। जिले के एसपी ने बताया कि बच्ची पूरी तरह ठीक है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रेस्क्यू टीम को बधाई दी है ।
बता दें कि बच्ची को बचाने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के साथ स्थानीय प्रशासन की टीमें लगी थीं। एसडीआरएफ की टीम ने बच्ची को बचाने के लिए 45 फुट गहरा गड्ढा खोदा था।
घटनास्थल के पास एक एंबुलेंस तैयार रखी गई थी जिसमें सना की मां, डॉक्टर और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। जिले के डीएम और एसपी भी मौके पर ही डटे थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बच्ची के स्वास्थ्य पर सदर अस्पताल के डॉ. फैज नजर बनाए हुए थे। सना पर सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही थी। उसे लगातार ऑक्सीजन दी जा रही थी। बेहतर इलाज के लिए बच्ची को पटना रेफर कर दिया गया है।
बता दें कि सना मंगलवार की शाम घर में खेल रही थी। इसी दौरान लगभग तीन बजे वह घर में मौजूद बोरवेल में गिर गई। बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए दुआओं का दौर जारी था। पटना समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लोग सना के लिए पूजा पाठ और हवन कर रहे थे।
वीडियोः