अमेरिका में एक विशाल फिसल पट्टी (स्लाइडर) का वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि लोग एक ऊंची नीची फिसल पट्टी पर ऊपर से फिसलकर नीचे आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग स्लाइड करते वक्त जोर-जोर से हवा में उछल रहे हैं। यहां सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं हैं। ऐसे में इसे बंद करा दिया गया है।
माता-पिता को बच्चों की चिंता
बता दें कि मिशिगन के बेले आइल पार्क में एक विशाल स्लाइड शुक्रवार को फिर से खोली गई थी। वहां कुछ बच्चे भी स्लाइड पर मस्ती करने पहुंचे थे। लेकिन यहां मौजूद बच्चों के अभिभावकों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए इसे बंद करवा दिया।
कुछ घंटों के बाद ही बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा
वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है फिसल पट्टी पर लोग ऊंचाई से फिसलकर नीचे की तरफ आ रहे हैं, इस दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं दिख रहे हैं। फिसल पट्टी को वीडियो में देखकर लग रहा है कि यह किसी ठोस धातु (मेटल) की बनी हुई है। इसे देखकर साफ तौर पर कहा जा सकता है कि इसका डिजाइन ठीक नहीं है। इसलिए पार्क प्रबंधन को विशाल स्लाइड को कुछ घंटों के बाद ही बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
इंटरनेट यूजर्स हैरान
फिसल पट्टी का वीडियो शेयर किए जाने के बाद से इसे एक करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। जबकि कुछ इंटरनेट यूजर्स हैरान थे कि आखिर इसे बनाते समय सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में क्यों नहीं रखा गया और इसमें इतना समय क्यों लगा। वायरल वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट किए हैं।
यूजर्स ने दी अपनी प्रतिक्रियाएं
एक यूजर ने लिखा कि इसे देखकर मुझे जोर से हंसी आई! सॉरी लेकिन मुझे आश्चर्य है इसे 4 घंटे तक नोटिस किया गया। दूसरे यूजर ने लिखा कि यह सबसे अच्छे उदाहरणों में से एक है जिसे मैंने देखा है कि गणित की गणना और इंजीनियरिंग इतनी महत्वपूर्ण क्यों है।