दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामना आया है। खबर है कि यहां गंगनहर में स्नान करने आने वाले लोगों की हत्या कर गोताखोर उनके साथ लूटपाट करते हैं। इसके लिए खुद लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जांच की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में लिखा है कि मुरादनगर गंगनहर पर एक छोटे से मंदिर का निर्माण कर उस पर छोटा हरिद्वार का बोर्ड लगाया गया है। यहां एनसीआर सहित हरियाणा और दूर-दराज के लोग स्नान करने आते हैं। गोताखोरों की इन यात्रियों पर नजर रहती है।
उन्होंने लिखा कि नहर में स्नान करने वाली महिलाओं एवं पुरुषों को देखकर उनके पैर पकड़कर उन्हें नीचे डुबा देते हैं। जिसके बाद उनकी मृत्यु हो जाती है। नहर में वह पहले से ही तैयार पत्थर और रस्सी से उनके पैर बांध देते हैं जिससे उनकी लाश पानी के उपर न आए। इस दौरान वह उनके आभूषण निकाल लेते हैं। साथ ही लाश ढूंढने के नाम पर भी उनके परिवार वालों से 20-25 हजार रुपए लेते हैं।
विधायक ने कहा कि इस तरह से गंगनहर में डुबोकर कई महिलाओं की मौत की जा चुकी है। उन्होंने लिखा कि इस बात का खुलासा तब हुआ जब एक लड़की जिसका गोताखोरों ने नहर के अंदर पैर पकड़कर खींचने का प्रयास किया लेकिन वह फिसल गया। जिसके बाद लड़की ने बताया कि पानी के अंदर कोई उसका पैर खींच रहा था।
इसके बाद हरियाणा से आए एक मृतक के परिजनों ने भी अपने साथ यही घटना होने की बात कही। हरियाणा के परिजनों ने कहा कि गोताखोरों के मंदिर के पुजारी से भी साठगांठ है। उन्होंने लिखा कि यहां 2-3 लाश रोज मिलती हैं। विधायक नंदकिशोर ने पैसे व जेवरों के लिए हत्या करने वाले इस गिरोह की निष्पक्ष जांच करके कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।