17वीं लोकसभा के लिए पहले फेज के लिए मतदान 11 अप्रैल को होना है। लेकिन अभी से यह बात लगभग तय मानी जा रही है कि आने वाली लोकसभा में भी करोड़पतियों का ही बोलबाला रहेगा। इसका कारण यह है कि पहले फेज में जो 1279 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, उनमें कम से कम 401 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इसके साथ ही कम से कम 213 प्रत्याशियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले चलने की बात स्वीकार की है।
द नेशनल इलेक्शन वॉच एंड एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने 1279 प्रत्याशियों में से 1266 के हलफनामे के अध्ययन के बाद एक रिपोर्ट तैयार की है। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 401 करोड़पति उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 6.63 करोड़ रुपये आंकी गई है। एक अन्य रिपोर्ट में पाया गया है कि करोड़पति उम्मीदवारों के जीतने की संभावनाएं काफी अधिक रही हैं, इसलिए माना जा सकता है कि पहले फेज से चुने जाने वाले सांसदों में भी करोड़पति सांसदों की संख्या ज्यादा रह सकती है।
वहीं, 213 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले होने की बात स्वीकार की है। इनमें 146 (12%) उम्मीदवारों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले चलने की बात स्वीकार की है। 10 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनके ऊपर हत्या के मामले में केस चल रहा है। चार उम्मीदवारों पर किडनैपिंग और सोलह पर महिलाओं के प्रति अत्याचार करने के मामले चल रहे हैं।