गोवा की पणजी के अलावा तमिलनाडु की चार और कर्नाटक की एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 19 मई को मतदान होगा। चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार को जारी उपचुनाव कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों पर मतगणना 23 मई को कराई जाएगी। बता दें कि 17वीं लोकसभा के लिए सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई तक होने वाले मतदान के बाद 23 मई को मतगणना होगी।
उपचुनाव के लिए 22 अप्रैल को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि 29 अप्रैल, नामांकन पत्रों की जांच 30 अप्रैल और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि दो मई नियत की गई है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पणजी के अलावा कर्नाटक की कुंडगोल, तमिलनाडु की सुलुर, अर्वाकुरुची, तिरुपर्णकुंदरम और ओट्टापिदारम विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के साथ इन सीटों के अलावा दर्जन भर राज्यों की 37 सीटों के लिये भी उपचुनाव कार्यक्रम पहले ही घोषित किया जा चुका है। इनमें गोवा की तीन और तमिलनाडु की 18 विधानसभा सीटें शामिल हैं। पणजी सीट, हाल ही में गोवा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर परिकर के निधन के कारण रिक्त हुई थी।