ओडिशा में राज्य के कानून मंत्री प्रताप जेना की, बीजद प्रत्याशी के लिए सर्वाधिक वोट दिलाने वाली पंचायत को नकद इनाम देने की कथित घोषणा करने पर विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने जमकर प्रताप जेना की आलोचना की है।
गौरतलब है कि मंत्री ने कथित तौर पर कहा था कि सालीपुर विधानसभा सीट के बीजद उम्मीदवार को जिस पंचायत से अधिकतम वोट मिलेंगे, उस पंचायत को नकद इनाम दिया जाएगा। मंत्री की 35 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा का एक ऑडियो टेप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मंत्री पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने गुरुवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से शिकायत की और जेना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। कांग्रेस ने कहा कि मंत्री के खिलाफ सीईओ से शिकायत की जाएगी।
इस पर बीजद प्रवक्ता सस्मित पात्रा ने कहा कि मामला सीईओ के विचाराधीन है और वह इस संबंध में फैसला करेंगे। इस मामले पर मंत्री प्रताप जेना की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।मालूम हो कि ओडिशा में आगामी लोकसभा चुनावों के साथ ही विधानसभा चुनाव भी होंगे।