नई दिल्ली के मालवीय नगर में तीन अरुणाचली महिलाओं के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और धमकी का मामला सामने आया। मरम्मत विवाद के बीच पड़ोसियों ने कथित रूप से धमकाया। ऐसे में अब कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने इसे अस्वीकार्य बताया और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ कथित तौर पर नस्लीय दुर्व्यवहार और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 20 फरवरी को दोपहर करीब 3:30 बजे हुई, जब महिलाओं के किराए के फ्लैट में ड्रिलिंग और बिजली का काम चल रहा था।
बताया गया है कि मरम्मत कार्य को लेकर पड़ोसियों से कहासुनी हो गई। इसी दौरान पड़ोसियों ने महिलाओं के साथ कथित रूप से नस्लीय टिप्पणी की और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की। महिलाओं ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की प्रतिक्रिया
इस घटना पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि अरुणाचल की महिलाओं के साथ हुआ नस्लीय दुर्व्यवहार बेहद परेशान करने वाला और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपने ही देश में पराया जैसा महसूस नहीं कराया जाना चाहिए।