मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर शाम एक गंभीर हादसा हुआ, जब एक प्रोपलीन गैस से भरा टैंकर आदोशी टनल के पास पलट गया। इस घटना के बाद मुंबई जाने वाली ट्रैफिक की सभी लेन 30 घंटे से ज्यादा समय से भीषण जाम के चलते बंद हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 20 किमी लंबा जाम लगा हुआ है। जिसके चलते हजारों वाहन फंस गए हैं।
जानकारी के अनुसार यह हादसा मगलवार शाम करीब 6:15 बजे हुआ, जब टैंकर मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और पलट गया। इसके बाद गैस लीक होने की सूचना मिलने पर अधिकारियों ने तुरंत पुणे से मुंबई जाने वाली लेन को बंद कर दिया। प्रोपलीन गैस बेहद ज्वलनशील होने के कारण इलाके में खतरनाक स्थिति पैदा हो गई थी।
इमरजेंसी टीमों ने हादसे के बाद त्वरित कार्रवाई शुरू की, जिसमें एनडीआरएफ, फायर सर्विस, आईआरबी पुलिस और केमिकल स्पेशलिस्ट शामिल थे। इन टीमों ने गैस लीक को रोकने और टैंकर को सीधा करने के लिए लगातार काम किया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
जल्द यातायात बहाल होने की संभावना
जाम में फंसे बच्चों और महिलाओं सहित यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राजमार्ग यातायात पुलिस ने स्थिति सामान्य होने तक वाहन चालकों को एक्सप्रेसवे का उपयोग न करने की सलाह दी है। करीब 94 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ता है। यातायात बहाल करने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि बुधवार रात तक अभियान पूरा होने के बाद स्थिति बहाल हो होने की संभावना है।
25 किमी लंबा जाम
वहीं, इस घटना के कारण 25 किमी लंबा जाम लग गया, जिससे बसों और ट्रकों समेत हजारों वाहन फंसे हुए थे। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और सुविधाओं की कमी के कारण स्थिति जटिल हो गई। अधिकारियों ने साफ किया कि जब तक विशेषज्ञ क्षेत्र को सुरक्षित घोषित नहीं करते, तब तक ट्रैफिक को फिर से शुरू नहीं किया जाएगा। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, बुधवार सुबह तक ट्रैफिक सामान्य होने की संभावना कम है।
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस मार्ग का इस्तेमाल न करें और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे जैसे वैकल्पिक मार्गों पर यात्रा करें। महाराष्ट्र हाईवे पुलिस से लाइव अपडेट लेने की सलाह भी दी गई है, क्योंकि गैस के लगातार रिसाव से खतरा बना हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए रास्ते को बंद किया गया है। किसी भी सूचना के लिए लोग पुलिस से बात कर सकते हैं। गैस टैंकर पलटने से कोई हताहत नहीं हुआ है। इमरजेंसी टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही स्थिति पर कंट्रोल कर लिया जाएगा। हमें सही समय पर सूचना मिल गई थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया है।
165 बसें फंसी
एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर यातायात बाधित होने के कारण, महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की मुंबई-पुणे शिवनेरी सहित लगभग 165 बसें विभिन्न स्थानों पर फंस गईं। एमएसआरटीसी के एक चालक ने बताया कि उसकी बस अदोशी सुरंग के पास नौ घंटे तक यातायात बाधित होने से फंसी रही और आखिरकार मंगलवार तथा बुधवार की दरमियानी रात तीन बजे नवी मुंबई के पनवेल पहुंची।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर व्यास कर्ण नामक व्यक्ति ने लिखा, ‘लोग फंसे हुए हैं और बेसब्री से मदद का इंतजार कर रहे हैं। कृपया कुछ करें।’ कई वाहन चालकों ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त की। कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे को ‘‘पार्किंग स्थल’’ बताया और दूसरों को सलाह दी कि जब तक आवश्यक नहीं हो, यात्रा करने से बचें। प्रणव नामक एक ‘एक्स’ उपयोगकर्ता ने एक पोस्ट में कहा, ‘मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे इस समय पूरी तरह से जाम है। लोनावला और खंडाला के पास एक ट्रक पलटने के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा। अगर यात्रा करना बेहद जरूरी नहीं हो, तो यात्रा नहीं करें।’’
महाराष्ट्र के पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री इंद्रनील नाइक ने कहा कि ऐसी स्थितियों से बचने के लिए लंबे समय के कदम उठाना जरूरी है।ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधि ने कहा कि इस स्थिति से पता चलता है कि अधिकारी कितने कम तैयार थे।