यूपी के एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की बच्ची के साथ दिल्ली के निर्भया कांड जैसी दरिंदगी सामने आई है। पड़ोस के ही तीन किशोरों की हैवानियत की शिकार हुई बच्ची की हालत चिंताजनक बनी हुई है। आरोपियों ने रेप के बाद उसके नाजुक अंग में लकड़ी डाल दी थी। शुक्रवार को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उसका उसका ऑपरेशन हुआ। मामले में पुलिस ने तीन किशोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक को पकड़ लिया है।
बृहस्पतिवार शाम बच्ची गांव में साइकिल चलाना सीख रही थी, तभी गांव के ही तीन किशोर उसे बहला फुसलाकर एक खेत में ले गए थे। आरोपी किशोर बच्ची के पड़ोस में रहते हैं और उसके साथ दरिंदगी की। आननफानन में बच्ची को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया, वहां से जिला महिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
जिला महिला चिकित्सालय की प्रभारी डॉ. अनीता ने बताया कि बच्ची के नाजुक अंग से लकड़ी निकाली गई है। लगातार खून बह रहा था। ऐसे में उसकी आंत फटने की आशंका है, उसकी लगातार बिगड़ रही हालत के चलते अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था, जहां शुक्रवार को चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन कर दिया है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि अब बच्ची की हालत खतरे से बाहर है। यहां मेडिकल सुविधाएं नहीं होने से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया था।
बहुत डरी हुई है बच्चे
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में बच्ची का उपचार चल रहा है। चिकित्सक उसकी विशेष देखभाल कर रहे हैं। उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और खतरे से बाहर है। बच्ची बहुत डरी हुई है। इसे देखते हुए कल से चाइल्ड साइकोलोजिस्ट से काउंसिलिंग कराएंगे।
- प्रो. एम हॉरिस खान, अधीक्षक, जेएन मेडिकल कॉलेज एंड हास्पिटल अलीगढ़