जेल में बंद रेप के आरोपी से बदला लेने के लिए उसकी बहन से गैंगरेप का मामला सामने आया है। नाबालिग से उस समय वारदात हुई जब वह मंगलवार को मां के साथ भाई से मिलने जलालाबाद से पैदल अनौगी स्थित जिला जेल जा रही थी। रास्ते में ही प्रतापपुर गांव के सामने जेल तक छोड़ने का झांसा देकर एक बोलेरो ड्राइवर ने दोनों को गाड़ी में बैठा लिया। कुछ दूर आगे बढ़ने पर बोलेरो चालक ने दो और युवक को गाड़ी में बैठा लिया।
इसके बाद दोनों में से एक युवक ने चलती बोलेरो में ही एकाएक मां के ऊपर तमंचा तान दिया। कुछ भी बोलने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चलती गाड़ी में मां के सामने ही दोनों युवकों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने पर अनौगी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के पास चलती गाड़ी से दोनों को फेंक कर भाग गए। किशोरी गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है।
एसपी किरीट कुमार राठौड़ ने बताया कि किशोरी से गैंगरेप का मुख्य आरोपी उस युवती का भाई है जिसके साथ 17 मई 2016 को ठठिया थानाक्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म हुआ था। इसका आरोप जेल में बंद पीड़िता के भाई पर है।
एसपी ने बताया कि किशोरी के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद आरोपी का छोटा भाई पहले ही बाइक से जिला जेल पहुंच गया था। मां-बहन पीछे से जा रही थी। आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है।