कोरोना महामारी के बीच इस बार के गणेश उत्सव में श्रद्धालुओं और पंडालों के लिए तकनीक का बड़ा सहारा है। शनिवार से शुरू हुए दस दिवसीय उत्सव में गणपति के ऑनलाइन दर्शन हो रहे हैं। कोरोना वायरस के कारण आवाजाही और सामाजिक मेलजोल पर पाबंदियों के बीच कई लोग विभिन्न एप के माध्यम से अपने परिजनों तथा मित्रों से संपर्क कर रहे हैं।
विज्ञापन के पेशे से जुड़ीं सविता पाटिल ने इस बार अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों और सहकर्मियों को ऑनलाइन निमंत्रण भेजे हैं। उन्होंने कहा, 'हम अपने व्यावसायिक कामकाज के लिए जूम, गूगल मीट जैसे एप का इस्तेमाल कर रहे हैं। अब इन ऐप का उपयोग गणेश उत्सव में एक दूसरे के साथ संपर्क के लिए हो रहा है।'
सामान्य दिनों में गणेश उत्सव में मुंबई समेत महाराष्ट्र के अनेक शहरों में पंडालों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ते हैं। लोग अपने मिलने-जुलने वालों के यहां भी गणपति दर्शन करने जाते हैं, लेकिन इस बार कोरोना वायरस महामारी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है।
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि लोगों को भगवान गणेश का स्वागत करते समय मास्क पहनने और भीड़ से बचने की अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को नहीं भूलना चाहिए। ठाकरे ने कहा कि उन्होंने दस दिवसीय उत्सव के पहले दिन कोरोना वायरस महामारी से दुनिया को छुटकारा दिलाने के लिए भगवान गणेश से प्रार्थना की।
गणेश उत्सव महाराष्ट्र का सबसे बड़ा त्योहार है जिसमें सार्वजनिक स्थानों और घरों में भगवान गणेश की मूर्तियों को स्थापित किया जाता है। इस बीच, पुणे से प्राप्त खबर के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमण के बीच गणेश उत्सव होने के बीच शहर में गणेश की पंचमुखी मूर्तियों को स्थापित किया गया।