कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव और अन्य के खिलाफ कथित सोना तस्करी से जुड़े धन शोधन मामले में कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी चल रही है। इस बीच गृह मंत्री जी परमेश्वर ने सीएम सिद्धारमैया से मुलाकात की। उन्होंने सीएम को छापेमारी के बारे में जानकारी दी। वहीं कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने गृह मंत्री जी परमेश्वर को स्वच्छ और ईमानदार व्यक्ति बताया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि मैंने परमेश्वर से बात की, मैं सुबह उनसे मिलने गया था। उन्होंने 15-25 लाख रुपए दिए हैं, हम सार्वजनिक जीवन में हैं, कई लोग ट्रस्ट चलाते हैं। किसी पारिवारिक समारोह या शादी में उपहार दिए गए होंगे। क्या परमेश्वर जैसा प्रभावशाली व्यक्ति उसे तस्करी जैसे अवैध कामों में लिप्त होने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक के गृह मंत्री से जुड़े परिसरों पर ईडी की छापेमारी जारी, जानिए क्या है पूरा मामला
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि रान्या राव ने कुछ गलत किया है तो उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। जहां तक परमेश्वर का सवाल है, वह कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं, वह राज्य के गृह मंत्री हैं, हमें उन पर गर्व है, वह एक बड़े नेता हैं। वह आठ साल तक पार्टी के अध्यक्ष रहे, उन्होंने राज्य की बहुत सेवा की है। वह 1989 से मेरे साथ विधायक हैं, वह मंत्री रहे हैं। वह एक साफ-सुथरे और ईमानदार व्यक्ति हैं। हो सकता है कि उन्होंने शादी के लिए कोई उपहार दिया हो, बस इतना ही। वह जवाब देंगे।
शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने परमेश्वर से मुलाकात की और उन्हें कांग्रेस पार्टी के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। वह आज कैबिनेट बैठक में भाग लेंगे। इससे पहले शिवकुमार ने कहा था कि धर्मार्थ संस्थाएं अक्सर लोगों की मदद करती हैं। शादी, स्कूल फीस, अस्पताल के बिल के लिए छोटी-मोटी चैरिटी की गई होगी, ऐसी मदद की गई होगी, मैं इससे इनकार नहीं कर रहा हूं। बाकी मामला, देखते हैं वे (ईडी) क्या करते हैं।"
ईडी छापों पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला की टिप्पणियों पर एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और एआईसीसी महासचिव ने जो कुछ भी कहा है, मैं उसके साथ खड़ा हूं। मैं अलग से कोई रुख नहीं अपना सकता, लेकिन मैंने जो कुछ भी कहा है वह महत्वपूर्ण है।
ये भी पढ़ें: TASMAC के खिलाफ ईडी जांच पर 'सुप्रीम' रोक; कहा- संघीय सिद्धांत का उल्लंघन कर रहा निदेशालय
शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में कानूनी और राजनीतिक रूप से लड़ेगी, जिसमें कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से जुड़ा मामला भी शामिल है। सोनिया गांधी ने कोई निजी संपत्ति नहीं बनाई है। हम निश्चित रूप से लड़ेंगे। हमें न्यायालय पर भरोसा है और न्यायालय हमें न्याय देगा।