कर्नाटक के पूर्व डिप्टी सीएम जी परमेश्वर
- फोटो : ANI
आयकर विभाग ने कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और अन्य के खिलाफ मारे गए छापों के दौरान करीब पांच करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि से शुरू की गई छापेमारी करीब 25 स्थानों पर अब भी जारी है।
इस छापेमारी के तहत, आयकर विभाग के 300 से ज्यादा अधिकारी कर्नाटक में कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं से जुड़े परिसरों में दाखिल हुए। इन नेताओं में पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और पूर्व सांसद आर एल जालप्पा के बेटे जे राजेंद्र शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा है कि ये छापेमारी नीट परीक्षाओं से जुड़े कई करोड़ रुपए के कर चोरी मामले के संबंध में की जा रही है। विभाग के सूत्रों ने बताया कि परमेश्वर से जुड़े कार्यालय, आवास एवं संस्थानों पर छापे मारने के अलावा, आयकर अधिकारियों ने उनके भाई जी शिवप्रसाद और निजी सहायक रमेश के घर की भी तलाशी ली।
परमेश्वर का परिवार सिद्धार्थ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स चलाता है वहीं राजेंद्र डोडाबल्लापुरा और कोलार में आर एल जलप्पा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी चलाते हैं। नीट परीक्षा से जुड़ी करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी के शक में की गई इस छापेमारी में इन दोनों के आवासों समेत कर्नाटक और राजस्थान में करीब 30 ठिकाने खंगाले गए। मई 2018 से जुलाई 2019 तक कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री रहे परमेश्वर का परिवार सिद्धार्थ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस चलाता है, जिसकी स्थापना 58 साल पहले उनके पिता एचएम गंगाधराय ने की थी।