फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लंदन में नीरव मोदी, 72 करोड़ के अपार्टमेंट में हुलिया बदल चला रहा हीरे का कारोबार

Sat, 09 Mar 2019 08:17 AM IST
संदीप भट्ट वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
नीरव मोदी तब और अब - फोटो : Twitter/TheTelegraph
विज्ञापन

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को करोड़ों रुपये का चूना लगाकर भारत से फरार हीरा कारोबारी नीरव मोदी लंदन में बेखौफ रह रहा है। वह हुलिया बदलकर लंदन के वेस्ट एंड इलाके में 80 लाख पाउंड (करीब 72 करोड़ रुपये) के अपार्टमेंट में रह रहा है और वहीं से हीरे का कारोबार कर रहा है। इसके लिए वह हर महीने अपार्टमेंट का 17 हजार पाउंड (करीब 15.5 लाख रुपये) किराया भी चुका रहा है।

विज्ञापन


ब्रिटिश मीडिया में शनिवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक, नीरव को खुलेआम लंदन की सड़कों पर घूमते हुए देखा गया। वह पकी हुई दाढ़ी और मूंछों में था। आमतौर पर क्लीन शेव में उसकी तस्वीरें आती रही हैं।

भारत ने नीरव के खाते फ्रीज कर दिए हैं। इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। इसके बावजूद वह लंदन में हीरे का बिजनेस चला रहा है। लंदन में उसे नेशनल इंश्योरेंस नंबर भी जारी किया गया है, जिसके तहत वह वैध तरीके से कारोबार कर सकता है। साथ ही ब्रिटिश बैंक के अकाउंट भी इस्तेमाल कर सकता है।
विज्ञापन


नीरव करीब 13,500 करोड़ रुपये के पीएनबी धोखाधड़ी मामले में आरोपी है। बताया जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सीबीआई का संयुक्त दल जल्द ही ब्रिटेन जाएगा। इसके बाद वकीलों को भारत के पक्ष और नीरव के खिलाफ साक्ष्यों की जानकारी दी जाएगी। 

 

हर सवाल का एक ही जवाब... नो कमेंट्स

ब्रिटेन के एक अखबार के संवाददाता ने नीरव मोदी को लंदन की सड़क पर घूमते देखा तो उससे पीएनबी घोटाले से जुड़े सवाल पूछने की कोशिश की। इस पर उसने पत्रकार के एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। वह ‘सॉरी नो कमेंट्स’ कहकर हर सवाल को टालता रहा। 

हमें पहले से पता है कि ब्रिटेन में है नीरव

नीरव मोदी को लेकर आई मीडिया रिपोर्ट पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने शनिवार को कहा, सरकार को पहले से पता है कि वह ब्रिटेन में रह रहा है। उसके प्रत्यर्पण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। भारत सरकार की तरफ से उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध ब्रिटिश सरकार के समक्ष विचाराधीन है। नीरव को वापस लाने के लिए जो भी कदम उठाने की जरूरत होगी वह किया जाएगा। बैंक धोखाधड़ी के एक और आरोपी भगोड़ा कारोबारी विजय माल्या के मामले में भी ऐसा ही किया गया था।

ब्रिटिश कोर्ट पहुंचा प्रत्यर्पण का मामला

ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने नीरव मोदी के प्रत्यर्पण के मामले को आगे बढ़ा दिया है। उसे भारत लाने के अनुरोध को विचार के लिए वेस्टमिंस्टर कोर्ट के पास भेज दिया गया है। ईडी के सूत्रों ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले मामले को लंदन के वेस्टमिंस्टर कोर्ट में भेजने के ब्रिटिश गृह मंत्री साजिद जाविद के फैसले की आधिकारिक सूचना दी गई है। यह कदम नीरव के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और उसे भारत में कानून का सामना करने के लिए वापस लाने से जुड़ा है। नीरव मोदी और उसका मामा मेहुल चोकसी पीएनबी को करोड़ों का चूना लगाकर पिछले साल भारत से भाग गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बताया कि ब्रिटेन की सरकार से नीरव को भारत प्रत्यर्पित करने का आग्रह जुलाई, 2018 में ही किया गया था। 

विज्ञापन

- फोटो : PT

कांग्रेस का तंज, मोदी हैं तो मुमकिन है

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज ‘छोटा मोदी’ लंदन में देखा गया। वह शानदार जीवन जी रहा है। उसने 10 हजार पाउंड की जैकेट पहन रखी है। मोदी हैं तो नामुमकिन भी मुमकिन है। लगता है कि मोदी बैंक फ्रॉडस्टर सेटलमेंट कंपनी चला रहे हैं। पांच साल में भगोड़ों ने 1 लाख करोड़ रुपये लूट लिए और आप उन्हें पकड़ने में नाकामयाब रहे। ऐसा इसलिए, क्योंकि मोदी हैं तो मुमकिन है। यह सही है प्रधानमंत्री जी, पहले बैंकों से 23,000 करोड़ रुपये लूटो। फिर बिना किसी परेशानी के देश से फरार हो जाओ। इसके बाद सीबीआई और ईडी का मजाक उड़ाओ।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें