केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हाल में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए अमेरिका में आए तूफान हरीकेन को जिम्मेदार ठहराया है। प्रधान ने शनिवार को कहा कि अगले कुछ दिनों में ईंधन की कीमतों में कमी आएगी।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री प्रधान ने कहा, ‘अमेरिका में हरीकेन तूफान के कारण हाल में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। जैसे ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में कमी होगी, ईंधन की कीमतों में कमी आ जाएगी।’
उन्होंने कहा कि ईंधन के दाम पिछले तीन दिन में कम होने लग गए हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के मूल्य पिछले 20 सालों से बाजार से जुड़े हुए हैं।
पेट्रोलियम उत्पादों पर टैक्स में कमी की संभावना के सवाल पर प्रधान ने कहा कि आधारभूत ढांचे के विकास और कल्याणकारी योजनाओं के मद्देनजर करों में कटौती नहीं की जाएगी।
प्रधान ने कहा, ‘क्या आपको अच्छी सड़कें नहीं चाहिए? क्या आपको शुद्ध पेयजल नहीं चाहिए? क्या आपको अपने बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा नहीं चाहिए? दोनों हाथ में लड्डू नहीं हो सकते।