Maharashtra: नागपुर के एक बीस वर्षीय युवक ने पैसे की मांग करने वाले फोन कॉल से तंग आकर खुद के अगवा होने की झूठी कहानी बनाई। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उससे पैसे छीने गए और उस पर हमला किया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर युवक के झूठ को पकड़ लिया। अब पुलिस परेशान करने वाले अज्ञात लोगों की तलाश में जुटी है।
महाराष्ट्र के नागपुर में एक युवक पैसे की मांग करने वाली फर्जी फोन कॉल से परेशान था। इस परेशानी से बचने के लिए उसने एक झूठी कहानी गढ़ी। युवक ने पुलिस को बताया कि उसका कुछ लुटेरों ने अपहरण कर लिया और उसे जलाने की कोशिश की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चैतन्य उके (20 वर्षीय) ने कन्हान पुलिस को बताया कि चार लोग दो बाइक पर आए और उसे अंबेडकर चौक से अगवा करके गड़े घाट ले गए। जहां उन्होंने उससे 60 हजार रुपये छीन लिए और पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और कथित हमलावरों की जांच शुरू की। अंबेडकरनगर चौक इलाके के दुकानदारों ने पुलिस को बताया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। लेकिन पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि कुछ भी नहीं हुआ था। वीडियो फुटेज में उके को तरल पदार्थ की बोतल लेकर मोटरसाइकिल चलाते हुए देखा गया।
विज्ञापन
पूछताछ में उके ने पुलिस को बताया कि उसने यह सारी कहानी इसलिए बनाई थी, क्योंकि उसे पैसे मांग की मांग करने वाली धमकी भरे फोन कॉल आ रहे थे। इसलिए उसने सोचा अगर लोग यह पता चलेगा कि उस पर हमला हुआ है, तो उनकी फर्जी कॉल आनी बंद हो जाएंगी। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने उसे धमकी दी थी।