एक नवंबर यानी आज से देश के विभिन्न सुविधा क्षेत्रों में कई बदलाव होने जा रहे हैं। इनमें से कई बदलाव आम आदमी के लिए सुविधा लेकर आएंगे तो वहीं कुछ समस्या का सबब भी बनेंगे।
पहला बदलाव एक अच्छी खबर के रूप में है। रेल यात्रियों के लिए यह परिवर्तन काफी सहूलियत भरा होगा। आज से देश भर में जनरल टिकट भी ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे। यूटीएस एप के माध्यम से अब जनरल टिकट के लिए आपको घंटो लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी।
वहीं, दिल्ली के टोल टैक्स प्लाजा पर रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन डिवाइस सिस्टम शुरू होने जा रहा है। यह व्यवस्था शुरू होने से वाहनों को प्लाजा पर रुकना नहीं होगा।
इसके साथ ही ई-चालान भरने की सुविधा भी आज से प्रारंभ होने जा रही है। अब चालान भरने के लिए आपको लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना होगा। अब ट्रांसपोर्ट विभाग की वेबसाइट पर जाकर चालान का ऑनलाइ भुगतान भी किया जा सकेगा।
अगला बदलाव स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहकों के लिए है। यह बदलाव थोड़ा निराशाजनक जरूर हो सकता है। दरअसल एसबीआई ने अपने सभी क्लासिक और मास्ट्रो डेबिक कार्ड धारकों के लिए प्रतिदिन नकद निकासी की सीमा 40 हजार से घटाकर 20 हजार कर दी है।
वहीं, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने मार्जिनल कॉस्ट लेंडिंग रेट में 0.5 फीसद का इजाफा कर दिया है। पीएनबी के इस कदम से बैंक से लोन लेना महंगा हो जाएगा।