देश में सड़क हादसों की संख्या साल 2020 में ढाई लाख से ज्यादा रही। इनमें एक लाख से अधिक लोगों की जान चली गई। ऐसी स्थितियों में लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक करने के लिए अनोखे तरीके अपना रहे ट्रैफिक पुलिस कर्मी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
यातायात संभालते समय लोगों को नियमों का पालन करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने के खिलाफ जागरूक करने को लेकर मूनवॉक करने से लेकर यमराज का वेश धारण करने तक पूरे देश में ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों ने अनोखे तरीके अपनाए हैं। इंदौर के ट्रैफिक पुलिसकर्मी रणजीत सिंह विश्व प्रसिद्ध पॉप गायक माइकल जैक्सन के प्रशंसक हैं। वह पिछले 17 साल के व्यस्त मार्गों पर यातायात संभालने के दौरान माइकल जैक्सन का लोकप्रिय डांस स्टेप मूनवॉक करते आ रहे हैं।
विज्ञापन
रणजीत सिंह कहते हैं, 'दुर्भाग्य से कई लोग ट्रैफिक लाइट का सम्मान नहीं करते हैं। अगर कोई पुलिस वाला देख हीं रहा होता है तो वह ट्रैफिक लाइट की परवाह नहीं करते। लेकिन, जब वह मुझे मूनवॉक करते देखते हैं तो रुक जाते हैं और यातायात आसानी से प्रबंधित हो जाता है। यह तकनीक ऐसी स्थितियों में भी मदद करती है जब मेरी तैनाती किसी ऐसे स्थान पर होती है जहां भीड़ संभालनी होती है।' रणजीत को यातायात विभाग से सम्मान मिलने के साथ कई अवॉर्ड भी मिल चुके हैं।
ऐसे ही एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी हैं गुरुग्राम के संदीप सिंह। वह शराब पीकर गाड़ी चलाने के खिलाफ यमराज की वेशभूषा में संदेश देते हैं। संदीप के अनुसार, 'यह लोगों को नाटकीय तरीके से जागरूक करने के लिए है। अगर मैं उस वेशभूषा में लोगों को कुछ बताता हूं तो कम से कम 20 लोग मेरी बात पर ध्यान देते हैं। मैंने कोविड-19 महामारी से पहले भी ये किया करता था और महामारी के दौरान भी लॉकडाउन के दौरान घर से बाहर न निकलने के प्रति जागरूक करने के लिए किया। '
विज्ञापन
2020 में हुए ढाई लाख से अधिक सड़क हादसे: एनसीआरबी
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार भारत में साल 2020 के दौरान 2.5 लाख से अधिक सड़क हादसे हुए। इनमें एक लाख 22 हजार 201 लोगों की मौत हुई और तीन लाख 35 हजार 201 लोग घायल हुए। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इनमें से 60 फीसदी से अधिक सड़क हादसे वाहनों की अधिक रफ्तार की वजह से हुए। तेज रफ्तार की वजह से साल 2020 में हुए इन हादसों में 75,333 लोगों की मौत हुई और दो लाख नौ हजार 756 लोग घायल हुए।