फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Manmohan Singh: CM योगी, रेवंत से लेकर आनंद महिंद्रा और गौतम अदाणी तक, मनमोहन सिंह को याद कर भावुक हुए दिग्गज

Fri, 27 Dec 2024 09:22 AM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह नहीं रहे। 92 साल की उम्र में उनका दिल्ली एम्स में निधन हो गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। 
विज्ञापन
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। राजनेताओं से लेकर कारोबार जगत के दिग्गज भी प्रखर अर्थशास्त्री को याद कर भावुक हो रहे हैं। पूर्व पीएम को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा और तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने श्रद्धांजलि दी है। इसके अलावा गौतम अदाणी और आनंद महिंद्रा ने भी मनमोहन सिंह को याद किया।

विज्ञापन

 
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने एक्स पर लिखा कि मुझे डॉ. मनमोहन सिंह जी को साल 1991 से जानने का सौभाग्य मिला। जब वे असम से पहली बार राज्यसभा के लिए चुने गए थे। एक ऐसा राज्य जिसका उन्होंने 28 वर्षों तक प्रतिनिधित्व किया। डॉ. साहब विनम्रता के प्रतीक थे और वे कभी सत्ता के मोह में नहीं डूबे। उनके साथ बातचीत में उनकी सादगी और शालीनता के साथ-साथ उनकी बौद्धिक क्षमता हमेशा सामने आई। प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान मुझे असम से संबंधित मुद्दों पर कई मौकों पर उनसे बातचीत करने का अवसर मिला और उन्होंने हमेशा हमें धैर्यपूर्वक सुना और सामाजिक मुद्दों के प्रति दृढ़ विश्वास दिखाया। 
विज्ञापन

  सरमा ने लिखा कि विभाजन के बाद के भारत में साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली शख्सियत ने कई प्रतिष्ठित पदों पर देश की सेवा की। भारतीयों की एक पीढ़ी हमेशा मुक्त बाजार अर्थव्यवस्था की शुरुआत करने और दशकों से चली आ रही प्रतिगामी समाजवादी नीतियों को समाप्त करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद रखेगी। उनके निधन से राष्ट्र ने एक महान देशभक्त, एक असाधारण विद्वान, एक अपरंपरागत राजनीतिज्ञ और एक बेहतरीन राजनेता खो दिया है। गुरशरण मैडम, उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति। 
  तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर लिखा कि हमारे समय के सबसे महान अर्थशास्त्रियों, नेताओं, सुधारकों और सबसे बढ़कर मानवतावादी मनमोहन सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे। सदाचारी, ईमानदार व्यक्ति, निर्णय लेने में मानवीय स्पर्श से सबसे ऊपर डॉ. सिंह नए भारत के सच्चे निर्माताओं में से एक थे। उन्होंने दिखाया कि कैसे शालीनता और शिष्टता राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के बहुत जरूरी पहलू हैं। वह एक ऐसे महापुरुष थे जिनके जाने से भारत ने एक महान सपूत खो दिया है। सच में उनके अपने शब्दों में इतिहास उनके साथ शायद उनके समय से कहीं ज्यादा दयालुता और सम्मान के साथ पेश आएगा। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के लिए मेरी प्रार्थनाएं और गहरी संवेदनाएं।
  आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने भी पूर्व पीएम को नमन किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। एक बौद्धिक राजनेता डॉ. सिंह विनम्रता, बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के प्रतीक थे। 1991 में वित्त मंत्री के रूप में अपने आर्थिक सुधारों से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में अपने नेतृत्व तक उन्होंने अथक रूप से राष्ट्र की सेवा की और लाखों लोगों का उत्थान किया। उनका निधन राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार, प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।
 
उद्योग जगत के दिग्गज गौतम अदाणी ने भी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुख हुआ। इतिहास 1991 के उन क्रांतिकारी सुधारों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को हमेशा याद रखेगा, जिन्होंने भारत को नया रूप दिया और दुनिया के लिए इसके दरवाजे खोले। एक ऐसे विरल नेता जिन्होंने नरमी से बात की, लेकिन अपने कार्यों से बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। डॉ. सिंह का जीवन नेतृत्व, विनम्रता और राष्ट्र सेवा का एक आदर्श उदाहरण है और यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
 
आनंद महिंद्रा ने भी श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर लिखा कि अलविदा डॉ. मनमोहन सिंह। आपने इस देश से बहुत प्यार किया। इसके लिए आपकी सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। ओम शांति। 

नहीं रहे पूर्व पीएम मनमोहन सिंह - फोटो : अमर उजाला


अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू ने एक्स पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री और प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। यह देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। 1990 के दशक की शुरुआत में वित्त मंत्री के रूप में आर्थिक सुधारों में उनके अभूतपूर्व योगदान ने एक जीवंत और लचीले भारत की नींव रखी। डॉ. सिंह के निधन से भारतीय राजनीति में एक युग का अंत हो गया है। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, प्रशंसकों और अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले। ओम शांति। 
 
 
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिखा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के प्रति समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शान्ति:। 

हरियाणा के सीएम ने मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। सीएम ने कहा कि पंजाब के एक साधारण से गांव से भारत के अर्थशास्त्री और प्रधानमंत्री बनने का सफर उनके समर्पण को दर्शाता है। उनकी सादगी और विद्वता के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनका योगदान देश के विकास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। सीएम ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और प्रियजनों को इस कठिन समय में संबल दें।



ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। उनकी निष्ठा, ईमानदारी और शांत नेतृत्व को हमेशा याद रखा जाएगा। महाप्रभु जगन्नाथ उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति।
 

कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया ने भी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुःख हुआ। वे अद्वितीय बुद्धि के धनी राजनेता थे। उनके नेतृत्व और दूरदर्शिता ने हमारे राष्ट्र पर अमिट छाप छोड़ी। प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान ही मैं पहली बार कर्नाटक का मुख्यमंत्री बना था। हमारे बजटीय उपायों को लेकर उनके प्रोत्साहन और खाद्य अधिकार अधिनियम जैसी ऐतिहासिक यूपीए नीतियों के प्रभाव ने कर्नाटक की प्रगति और कल्याणकारी पहलों को आकार दिया। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
 

केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध एक प्रतिष्ठित राजनेता डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुःख हुआ। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदना।
विज्ञापन

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने लिखा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, विख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिवार व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति। 
 

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर लिखा कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से हमने एक महान विद्वान, अर्थशास्त्री और राजनेता खो दिया है। भारतीय आर्थिक सुधारों में उनके योगदान और 10 वर्षों तक प्रधानमंत्री के रूप में हमारे देश की सेवा करने को हमेशा याद किया जाएगा। उन्हें मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना। ॐ शांति।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें