स्वच्छ भारत के तहत देशभर में स्वच्छता का अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन पिछले दिनों आए शोध से पता चला है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान में अभी भी 44 फीसदी लोग खुले में शौच कर रहे हैं। वहीं 2014 तक इन राज्यों में करीब 70 फीसदी लोग खुले में जाते थे।
पिछले 4 वर्षों में खुले में शौच किए जाने के मामले में 26 फीसदी का सुधार हुआ है। खुले में शौच किए जाने का खुलासा रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर कम्पेशनेट इकोनॉमिक्स (राइस) और सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च (सीपीआर) ने अपने शोध में किया है। जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकार राज्य को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) घोषित कर चुकी है।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या आपका शहर या क्षेत्र भी खुले में शौच से पूरी तरह मुक्त हो चुका है?'
पोल के जवाब में हमें कुल 5028 वोट मिले। इनमें 28.06 फीसदी (1411 वोट) पाठकों ने माना कि हां शहर या क्षेत्र खुले में शौच से पूरी तरह मुक्त हो चुका है। जबकि 71.94 फीसदी (3617 वोट) पाठकों ने माना कि शहर या क्षेत्र खुले में शौच से पूरी तरह से मुक्त नहीं हुआ है।