सीबीआई ने नीरव मोदी की कंपनी फायर स्टार डायमंड के वित्त विभाग के अध्यक्ष विपुल अंबानी से सोमवार को भी पूछताछ की गई। उनसे रविवार को भी करीब 5 घंटे तक पूछताछ की गई थी। उन्हें जरूरी दस्तावेज के साथ दोबारा पेश होने को कहा गया था। वह तीन-चार साल से इस पद पर कार्यरत हैं।
विपुल दिवंगत धीरूभाई अंबानी के करीबी रिश्तेदार हैं। एजेंसी ने नीरव की कंपनी के सीएफओ रवि गुप्ता, एक्जीक्यूटिव सौरभ शर्मा और सुभाष परब से भी पूछताछ की।
इससे पहले ममता बनर्जी ने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस सब कुछ जानती है। घोटाले में पंजाब नेशनल बैंक के अलावा दूसरे बैंक भी शामिल हैं और केंद्र सरकार उनके शीर्ष अधिकारियों को बचा रही है। इस बात का पता लगाना जरूरी है कि आखिर उन अधिकारियों को बचाने वाले कौन लोग हैं।
वहीं सीबीआई ने पंजाब नेशनल बैंक के तीन और अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें फोरेक्स विभाग में तत्कालीन चीफ मैनेजर बेचू तिवारी, स्केल-2 मैनेजर यशवंत जोशी, एक्सपोर्ट सेक्शन में स्केल वन आफिसर हैंडलिंग प्रफुल्ल सावंत शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल छह गिरफ्तारी हो चुकी हैं, जिनमें से पांच बैंक से जुड़े हुए हैं।