सुरक्षाबलों को कवांडे इलाके में हाल ही में खोले गए एफओबी (फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस) के पास महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर बृहस्पतिवार दोपहर एक अभियान शुरू किया गया।
महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार को एक संयुक्त अभियान में पुलिस की विशेष कमांडो इकाई सी-60 और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने मुठभेड़ के दौरान चार माओवादियों को मार गिराया।
विज्ञापन
अधिकारी ने एक बयान में बताया कि कवांडे इलाके में हाल ही में खोले गए एफओबी (फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस) के पास महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर बृहस्पतिवार दोपहर एक अभियान शुरू किया गया।
बयान में कहा गया कि 10 से अधिक सी-60 पार्टियों (300 कमांडो) और सीआरपीएफ के एक घटक ने भारी बारिश के बीच कवांडे और नेलगुंडा क्षेत्रों से इंद्रावती नदी के तट की ओर अभियान शुरू किया।
विज्ञापन
अधिकारी ने बताया कि पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार की सुबह जब घेराबंदी और तलाश की जा रही थी, तभी माओवादियों ने सी-60 कमांडो पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने प्रभावी जवाबी कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि करीब दो घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही और बाद में सुरक्षा बलों ने चार माओवादियों के शव बरामद किए। बयान के अनुसार, घटनास्थल से एक स्वचालित ‘सेल्फ-लोडिंग राइफल’, दो .303 राइफल, एक भरमार बंदूक, वॉकी-टॉकी, शिविर सामग्री और नक्सली दस्तावेज बरामद किए गए। इससे दो दिन पहले महाराष्ट्र के पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने शीर्ष नक्सली नेता बसवराजू समेत 27 नक्सलियों को ढेर कर दिया था।