पिछले 24 घंटों के दौरान चार विमानों की आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई है। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। रविवार को मुंबई से दुबई जा रह् एयर इंडिया के एक्सप्रेस फ्लाइट आईएक्स-247 उड़ान की हाइड्रोलिक (जलीय) विफलता के कारण मुंबई में आपातकालीन लैंडिंग करवानी पड़ी। इससे पहले दिन में दिल्ली से हांगकांग जा रही स्पाइजेट की फ्लाइट ने वाराणसी हवाई अड्डे पर सुबह के 10 बजे आपातकालीन लैंडिंग की क्योंकि उसके बाएं इंजन में कुछ समस्या आ गई थी।
विमान में यह घटना तब हुई जब उसमें 140 यात्री सवार थे। सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं। इस मामले में स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा, 'उड़ान को वाराणसी तब डायवर्ट किया गया जब पायलट ने एक नंबर इंजन में तेल की कम सप्लाई को देखा। पायलट ने मानक संचालन प्रक्रिया का पालन किया और विमान को वाराणसी में सुरक्षित लैंड किया। यात्रियों को आराम से विमान से उतारा गया। विमान की जांच करने पर पता चला कि फ्लाइट के एक फ्यूल कंट्रोल वाल्व ने काम करना बंद कर दिया था उसे तुरंत बदला गया। शाम तक विमान ठीक हो गया था।'
शनिवार रात को कोलकाता हवाई अड्डे पर तब आपातकाल की घोषणा की गई जब एयर इंडिया के विमान से तेल लीक होना शुरू हो गया। एयर इंडिया का यह विमान दिल्ली से बैंकॉक जा रहा था। इसमें रात के 10.35 मिनट पर तकनीकी खामी का अंदेशा हुआ। जिसके बाद विमान की कोलकाता हवाई अड्डे पर एहतियातन आपात लैंडिंग करवाई गई।
शनिवार को ही कोलकाता से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट को टेक ऑफ के कुछ देर बाद ही हवाई अड्डे पर वापस लौटना पड़ा। क्रू सदस्य ने विमान में तकनीकी खामी को देखा। एयरलाइन का कहना है कि यह मानक संचालन प्रक्रिया थी। कोई आपातकालीन लैंडिंग नहीं करवाई गई है। इंडिगो ने एक बयान में कहा, 'तकनीकी खामी के कारण क्रू ने प्राथमिक तौर पर विमान की लैंडिंग करवाने को कहा। कोई इंजन शटडाउन नहीं हुआ था और कोई आपातकालीन लैंडिंग नहीं हुई।'