मुंबई में लगातर कई दिनों तक हुई भारी बारिश के बाद अब भयानक बीमारी का खतरा बना हुआ है। डॉक्टरों ने अलर्ट जारी करके कहा है कि मुंबई में तेजी से लेप्टोस्पायरोसिस नाम की बीमारी फैल रही है। इस बीमारी से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। बता दें कि मुंबई में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
इस बीमारी की चपेट में आते ही मरीजों ने 24 घंटे के भीतर ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों का कहना है कि इस बीमारी के पीछे चूहे हैं। माना जा रहा है कि बारिश के पानी में चूहों का मल-मूत्र मिल जाने से यह बीमारी फैली है। हालांकि अब कीट नियंत्रण विभाग ने चूहों को मारने के लिए दवा का छिड़काव शुरू कर दिया है। लेकिन चूहों से फैलने वाली इस बीमारी से लोगों में भय बना हुआ है। यह बीमारी बाढ़ वाले इलाकों में ज्यादा फैल रही है।
डॉक्टरों का कहना है कि इसके बैक्टीरिया मिट्टी में ज्यादा दिनों तक मिले रहते हैं इसलिए इसका खतरा अभी कुछ दिनों तक और बना रहेगा। इस बीमारी के कारण सांस लेने में दिक्कत, फेफड़ों को नुकसान पहुंचने के अलावा लिवर में भी खराबी आती है।
बीमारी में प्रभावित व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, ठंड, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, पीलिया, लाल आंखें, पेट दर्द, दस्त आदि हो सकते हैं। इसके बचाव के लिए कहीं भी जाएं तो गीली जगह में घूमने से बचें खास तौर पर गंदे पानी से दूर रहें। जूते पहने और शुगर से प्रभावित लोग खास तौर पर इससे बचें।