जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर से नापाक हरकत को अंजाम देते हुए सीजफायर का उल्लंघन किया है। पाक ने सांबा सेक्टर की चमलियाल पोस्ट को निशाना बना कर भारी गोलीबारी की जिसमें बीएसएफ के चार जवान शहीद हो गए।
जबकि पांच ग्रामीण भी जख्मी बताए जा रहे हैं। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाक की ओर से की गई इस फायरिंग में शहीद होने वालों में 1 सहायक कमांडेंट, 1 सब इंस्पेक्टर और दो सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान शामिल हैं।
कार्यवाहक उप उच्चायुक्त तलब
पाकिस्तान ने बुधवार को भारत के कार्यवाहक उप उच्चायुक्त को तलब किया और नियंत्रण रेखा के पार भारतीय सेनाओं द्वारा मंगलवार को चिरीकोट सेक्टर में संघर्ष विराम की घटनाओं पर विरोध जताया। पाक विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए कहा कि 2018 में भारत ने 1100 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है जिसमें 29 नागरिकों की मौत हुई है।
बैट हमले की भी आशंका
सैन्य सूत्रों की मानें तो इस घटना के पीछे पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) का भी हाथ हो सकता है। हालांकि बीएसएफ की ओर से फिलहाल ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि रात के वक्त पाक की गोलीबारी की हल्की आवाज आई थी।
इलाके में दहशत का माहौल
चार जवानों के शहीद होने और पांच स्थानीय लोगों के घायल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। इलाके के लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं। कुछ लोग अपनी जान बचा कर रिश्तेदारों के घर पनाह ले चुके हैं। इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
लोगों में पाकिस्तान के प्रति गुस्सा साफ देखा जा सकता है। गांव वालों की मांग है कि पाकिस्तान को अब सबक सिखाना जरूरी है। जिससे वह आने वाले समय में आंख उठा कर देखने की हिमाकत न कर सकें।