निर्वाचन आयोग ने 87 पंजीकृत गैरमान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अपनी सूची से हटा दिया। अधिकारी के मुताबिक भौतिक सत्यापन के दौरान पता चला कि इन दलों का अस्तित्व ही नहीं हैं। आयोग ने इस कदम से कुछ दिन पहले ही नियमों का उल्लंघन करने वाले 2100 से अधिक पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त दलों के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत की थी।
आयोग के मुताबिक इनमें से कुछ दल गंभीर वित्तीय अनियमितताओं में संलिप्त रहे हैं। आयोग के अनुसार 87 पंजीकृत गैरमान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अपने पते को अपडेट कराने में विफल रहे हैं। कानून के तहत यह जरूरी है।
सूत्रों का कहना है कि निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जब मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया गया तो पता चला कि ये दल अस्तित्व में ही नहीं हैं। निर्वाचन आयोग की सूची से ऐसे पंजीकृत गैरमान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को हटा दिया गया।
चुनाव आयोग ने हाल ही में एक रिपोर्ट जारी कर कहा था कि पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल आयोग द्वारा तय मानकों का पालन करना होगा, उन्हें संबंधित समस्त जानकारी आयोग को मुहैया करना अनिवार्य है। इसके बाद आयोग ने विस्तृत जांच के बाद अनियमितताओं में लिप्त राजनीतिक दलों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।