त्रिपुरा पुलिस ने माकपा के केंद्रीय समिति के सदस्य और पूर्व मंत्री बादल चौधरी को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया है। माकपा की पूर्ववर्ती सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे चौधरी पर 630 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में शामिल होने का आरोप है।
वेस्ट त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक माणिक दास ने बताया कि चौधरी को सोमवार रात गिरफ्तार किया गया। स्थानीय अदालत से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद से वह फरार थे। ऐसी सूचना थी कि माकपा नेता चौधरी को एक अस्पताल में भर्ती करा गया है, जिसके बाद पुलिस ने वहां पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
चौधरी फिलहाल अस्पताल में ही हैं और स्वस्थ होने पर पुलिस उन्हें अपनी हिरासत में लेगी। इसी मामले में पुलिस पहले ही पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर रहे सुनील भौमिक को गिरफ्तार कर चुकी है। त्रिपुरा के पूर्व मंत्री माणिक सरकार, माकपा राज्य समिति के सचिव गौतम दास और दूसरे वाम नेताओं ने सोमवार रात अस्पताल पहुंचकर चौधरी से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि चौधरी की हालत नाजुक है।