हिमाचल की प्रमुख नदियों में भी विसर्जित की जाएंगी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां।
हिमाचल की प्रमुख नदियों में भी भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। दिल्ली से लाए जा रहे अस्थि कलश से अस्थियां लेकर प्रदेश के प्रमुख नेता इन्हें सतलुज, ब्यास, यमुना, चिनाब और रावी आदि नदियों में विसर्जित करेंगे।
यह जानकारी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सती ने रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय दीपकमल में एक बैठक बैठक में दी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सभी नदियों को एक - दूसरे से जोड़ना चाहते थे, इसीलिए यह फैसला राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सती ने बताया कि पार्टी 22 अगस्त को शिमला में प्रदेश स्तरीय शोक सभा आयोजित करेगी। इस शोक सभा में सभी राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के लोग भाग ले सकते हैं। भाजपा कार्यकर्ता सभी वर्गों के लोगों को इस विशाल शोक सभा में आमंत्रित करेंगे।
सत्ती ने कहा कि अटल देश के सर्वप्रिय नेता थे और उनका राजनीति से लंबा नाता रहा है। अटल को लोग राजनीतिक पार्टी से हटकर प्रेम करते थे और इसका स्वरूप अटल ने जम्मू-कश्मीर का मुद्दा यूएनओ में संबोधित कर दिखाया था। उस समय अटल विपक्ष के नेता थे और उनको सत्ता पक्ष ने इतने बड़े मुद्दे के लिए चुना था।
इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा राज्य के शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त, रूपा शर्मा, कोषाध्यक्ष कपिल सूद, पूर्व सांसद बिमला कश्यप सूद, महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर राकेश शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी रवि मेहता और मुख्यमंत्री के ओएसडी महेंद्र धर्माणी विशेष रूप में उपस्थित रहे।