देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी जल्द ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक, उन्हें आगामी 7 जून को नागपुर में स्वयंसेवकों के विदाई संबोधन के लिए आरएसएस ने आमंत्रित किया है। जिसको उन्होंने स्वीकार कर लिया है। इस मौके पर 45 साल से कम उम्र के 800 से ज्यादा कार्यकर्ता नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय कैंप में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि आरएसएस के मुख्यालय नागपुर में हर वर्ष ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम का नाम पहले ऑफिसर ट्रेनिंग कोर्स था। लेकिन अब इसे बदलकर संघ शिक्षा वर्ग कर दिया गया है। संघ शिक्षा वर्ग में शिक्षा लेने के बाद आरएसएस के कार्यकर्ता पूर्णकालिक प्रचारक बन सकते हैं। इसके बाद ये प्रचारक जीवनभर देश में संघ की विचारधारा के साथ काम करते हैं।
ये भी पढ़ें- मेडिकल जांच को सोनिया विदेश रवाना, राहुल गांधी भी साथ गए
आरएसएस विचारक राकेश सिन्हा ने सोमवार को इसकी पुष्टि की है। सिन्हा ने कहा कि इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति महत्वपूर्ण मुद्दों पर देश को संदेश देगें। गौरतलब है कि जब प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति थे, तब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत उनसे मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आरएसएस के बारे में और अधिक जानने की इच्छा जताई थी इसीलिए उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया गया जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
बता दें कि 82 वर्षीय प्रणव मुखर्जी 1969 से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं, जब इंदिरा गांधी ने उन्हें राज्यसभा में चुने जाने में मदद की थी। केंद्रीय वित्तमंत्री के रूप में प्रणब का पहला कार्यकाल 1982-84 तक रहा। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद पार्टी में उनका कद कुछ घट गया और वर्ष 1986 में उन्होंने अपनी अलग पार्टी बना ली। लेकिन वर्ष 1989 में अपनी राष्ट्रीय समाजवादी कांग्रेस पार्टी का कांग्रेस में विलय करके वह फिर से कांग्रेस में वापस आ गए।