फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनसीपी को एक और झटका, शिवसेना में शामिल होंगे पूर्व मंत्री भास्कर जाधव

Mon, 09 Sep 2019 04:27 PM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
एनसीपी, शिवसेना
विज्ञापन

कोंकण क्षेत्र से राकांपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री भास्कर जाधव ने सोमवार को शिवसेना में शामिल होने की घोषणा की। इसे राकांपा के लिए एक और झटका माना जा रहा है। जाधव ने शिवसेना के साथ अपने राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत की थी लेकिन बाद में वह शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने सोमवार को रत्नागिरी जिले में अपने गृह नगर गुहागर में अपने समर्थकों के साथ बैठक की, जहां उन्होंने यह घोषणा की।

विज्ञापन


हाल में विपक्षी राकांपा और कांग्रेस से कई वरिष्ठ नेता राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा तथा शिवसेना में शामिल हुए। अगले महीने राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जाधव ने रत्नागिरी में पत्रकारों को बताया कि भविष्य के कदमों को लेकर अपने समर्थकों के साथ विचार करने के बाद उन्होंने 13 सितंबर को शिवसेना में शामिल होने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा, ‘मैंने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ कुछ सप्ताह पहले मुलाकात की थी और उन्होंने मुझे पार्टी में आने की पेशकश की।’ आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर गुहागर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर जाधव ने कहा कि वह ऐसा चाहते हैं लेकिन फैसला शिवसेना नेतृत्व का होगा।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, ‘अगर मुझे कहा गया तो मैं इस सीट से चुनाव लड़ना चाहता हूं। लेकिन मैं शिवसेना की सूची की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करूंगा। हालांकि यह तय है कि मैं शिवसेना में शामिल होने जा रहा हूं।’

जाधव वर्ष 2000 में राकांपा में शामिल हुए थे और बाद में वह महाराष्ट्र में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन सरकार में मंत्री भी बने थे। पिछले महीने राकांपा सांसद सुनील तटकरे के भतीजे पार्टी विधायक अवधूत तटकरे ने शिवसेना में शामिल होने की घोषणा की थी।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें