एनआईए दफ्तर पहुंचे परमबीर सिंह
- फोटो : ANI
मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास एक एसयूवी पाए जाने के मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुधवार को यहां एनआईए के समक्ष पेश हुए। इस एसयूवी में विस्फोटक सामग्री पाई गई थी। परमबीर सिंह के अलावा शिवसेना नेता और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा भी एनआईए के दफ्तर पहुंचे।
एक अधिकारी ने बताया कि परमबीर सिंह कार से सुबह करीब साढ़े नौ बजे दक्षिण मुंबई में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के कार्यालय पहुंचे। सिंह को 25 फरवरी को अंबानी के घर के पास से एसयूवी बरामद किए जाने और उसके बाद ठाणे के कारोबारी मनसुख हिरेन की हत्या के बाद पिछले महीने मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटा दिया गया था।
इस एसयूवी में विस्फोट सामग्री पाई गई थी। सिंह अभी होम गार्ड्स के महानिदेशक पद पर हैं। सूत्रों ने बताया कि एनआईए ने मामले में बयान दर्ज कराने के लिए परमबीर सिंह को तलब किया था। एनआईए ने दक्षिण मुंबई में अंबानी के घर के पास यह वाहन खड़ा करने में कथित भूमिका के लिए सहायक पुलिस निरीक्षक सजिन वाजे को पिछले महीने गिरफ्तार किया था।
उसने मनसुख हिरेन की हत्या के संबंध में निलंबित पुलिस कांस्टेबल विनायक शिंदे और क्रिकेट सट्टेबाज नरेश गोर को भी गिरफ्तार किया था। हिरेन का शव पांच मार्च को ठाणे के मुंब्रा क्रीक में पाया गया था।