कल्याण सिंह सरकार में राज्य मंत्री रहे आईपी सिंह ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्र लखनऊ की सीट पर दावा जताते हुए उनके सीएम रहते राज्य में भाजपा के कमजोर होने का आरोप लगाया है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिख कर खुद को पार्टी का तीस साल पुराना और वफादार सिपाही बताते हुए इस सीट पर अपना दावा जताया। सिंह ने पत्र में यह भी लिखा है कि गृह मंत्री होने के कारण राजनाथ सिंह किसी दूसरी सीट से भी चुनाव जीत सकते हैं।
बीते दो अक्टूबर को लिखे पत्र में सिंह ने कहा है कि वह तीन दशक से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। वर्ष 1993-94 में लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के महामंत्री रह चुके हैं। पूर्व और दिवंगत पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के निर्देश पर उन्हें कल्याण सिंह की सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया। वर्ष
2001 में राजनाथ सिंह को मुख्यमंत्री बनाने के बाद राज्य में भाजपा लगातार कमजोर होती चली गई। परिस्थिति में तब बदलाव आया जब आपको (अमित शाह) को राज्य का प्रभारी और वर्तमान पीएम को वर्ष 2014 में पीएम पद का उम्मीदवार बनाया गया था। उन्होंने कहा कि इस समय लखनऊ में पूर्वांचल के लोगों की आबादी 20 लाख से अधिक है। ऐसे में कार्यकर्ता की हैसियत से इस सीट से चुनाव लडना चाहता हूं। पार्टी ने अगर मुझ पर भरोसा जताया तो मैं सौ फीसदी चुनाव जीतूंगा।
आईपी सिंह ने खुद को पार्टी और विचारधारा का सिपाही बताते हुए लिखा है कि वह एक कार्यकर्ता की हैसियत से इस सीट पर पार्टी का टिकट चाहते हैं। वैसे भी गृह मंत्री होने के कारण राजनाथ सिंह कहीं से भी चुनाव जीत सकते हैं। गौरतलब है कि वाजपेयी ने कई बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था। बीते लोकसभा चुनाव में गृह मंत्री राजनाथ सिंह को इस सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया था।