महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के बड़े नेता नारायण राणे के भाजपा में शामिल होने की अटकलें एक बार फिर शुरू हो गई हैं। चर्चा है कि वह 27 अगस्त को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
राणे के विधायक बेटे नीलेश राणे के व्हाट्सएप डीपी से इस चर्चा को बल मिला है। राणे के भाजपा में जाने से कांग्रेस को तगड़ा झटका लगेगा। शाह इस महीने की 27 तारीख को यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में आयोजित एक पुस्तक के विमोचन समारोह में भाग लेने मुंबई आ रहे हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि राणे का भाजपा में शामिल होने की सिर्फ अधिकारिक घोषणा बाकी है।
पढ़ेः- महाराष्ट्र में वंदे मातरम पर AIMIM के पार्षदों से भिड़े BJP-शिवसेना के नेता, 3 पार्षद सस्पेंड
बीते सप्ताह अपने गृह जिला सिंधुदुर्ग में अपने समर्थकों के साथ बातचीत के दौरान राणे ने यह संकेत दिया था कि कांग्रेस का भविष्य ठीक नहीं है। लिहाजा वह अपने राजनीतिक भविष्य को नुकसान नहीं पहुंचा सकते। इस बीच, भाजपा नेता व राज्य के पीडब्लूडी मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि राणे यदि भाजपा में आते हैं तो उनका स्वागत है।
उधर, कांग्रेस के नेता भी मान चुके हैं कि राणे भाजपा की राह पर हैं। बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा था कि कुछ लोग सत्ता के बिना नहीं रह सकते। चव्हाण ने राणे के पार्टी छोड़ने के सवाल पर कहा था कि पुराने लोगों के जाने से नए लोगों को मौका मिलेगा।
राणे काफी दिनों से कद्दावर भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के संपर्क में हैं। माना जा रहा है कि राणे के भाजपा में प्रवेश से लोकसभा चुनाव में अमित शाह के मिशन 350 को फायदा मिलेगा और कोंकण में पार्टी मजबूत होगी।
कोंकण में है राणे का खासा प्रभाव
मुंबई से सटे कोंकण इलाके में नारायण राणे का खासा प्रभाव है। वह महाराष्ट्र के बड़े नेता हैं। राणे को नाराजगी इस बात की है कि कांग्रेस ने उन्हें सत्ता में रहने के दौरान महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री नहीं बनाया। उनकी उपेक्षा की गई। राणे शिवसेना में रहते हुए साल 1999 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे। साल 2005 के बाद उद्धव ठाकरे से मतभेद के चलते उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। उसके बाद विलासराव देशमुख की सरकार में राजस्व मंत्री बने।