इशरत जहां मामले में भाजपा की तरफ से कथित तौर पर गड़बड़ी किए जाने पर हमला झेल रहे पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने सोमवार को पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इशरत जहां हलफनामा विवाद सिर्फ वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए खड़ा किया गया है।
वास्तविक मुद्दा यह है कि वह एक फर्जी एनकाउंटर था या नहीं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आरबीआई के गवर्नर रघुराम राजन की आलोचना किए जाने को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बात थोड़ी सी भी निंदा सहन करने की उसकी अक्षमता को उजागर करती है।
चिदंबरम ने इशरत जहां मामले को लेकर ट्विटर पर कहा, ‘हलफनामा विवाद इशरत जहां मामले पर वास्तविक मुद्दे से केवल ध्यान हटाने के लिए है। वास्तविक मुद्दा यह है कि क्या वह फर्जी एनकाउंटर था और क्या पहले ही हिरासत में बंद चार लोगों को फर्जी एनकाउंटर में मारा गया था।
उनके कार्यकाल में हलफनामों में बदलाव संबंधी विवाद के बारे में उन्होंने कहा, हलफनामों पर गृह मंत्री हस्ताक्षर नहीं करता है। इन पर अवर सचिव हस्ताक्षर करता है।’