भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को विधानसभा में बोलते हुए शिवसेना के नेत्तृव वाली महाराष्ट्र सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के वक्फ बोर्ड में भगौड़े गैंगस्टर दाउद इब्राहिम से जुड़े लोगों को नियुक्त किया है।
विधानसभा में बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उन्होंने एक पेन ड्राइव जमा की थी, जिसमें वक्फ बोर्ड के सदस्यों मोहम्मद अरशद खान और मुदासिर लांबे के बीच बातचीत थी। बातचीत के दौरान, लांबे ने दावा किया था कि उनके ससुर दाऊद इब्राहिम के सहयोगी थे। वहीं अरशद खान ने कहा कि उनके चाचा अंडरवर्ल्ड का हिस्सा थे। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि अरशद खान जेल में बंद हौं और मुदासिर लांबे पर बलात्कार के आरोप हैं इसके बावजूद वह बाहर घूम रहा है।
उन्होंने बजटीय प्रावधानों को लेकर महाराष्ट्र महाविकास अघाड़ी की सरकार पर भी हमला किया। इन बजटीय प्रावधानों में कहा गया था कि पूंजीगत व्यय 49 प्रतिशत से घटकर 35 प्रतिशत हो गया है, जो चिंताजनक है, जबकि राजस्व व्यय 60 प्रतिशत से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गया है।
फडणवीस ने कहा कि जीएसडीपी में 12.1 प्रतिशत की वृद्धि केवल कागजों पर हुई है, जबकि राज्य सरकार द्वारा घोषित पांच सूत्री विकास कार्यक्रम में शिक्षा को लेकर कोई प्रावधान नहीं किया गया था। पूर्व सीएम ने बजट घोषणाओं को नई बोतल में पुरानी शराब बताते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा कृषि ऋण माफ करने के दावों के बावजूद किसानों को साहूकारों से वित्तीय मदद लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
विधानसभा में बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कृषि भूखंडों की बिजली आपूर्ति काटा जाना, कोरोना को लेकर दी जाने वाली सुविधाओं की स्थापना में भ्रष्टाचार, चक्रवात निसर्ग और तौकते से प्रभावित लोगों को राहत देने में कमी को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।
महाराष्ट्र सरकार ने सीआईडी जांच कराने की कही बात
वहीं,महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने सोमवार को विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के आरोपों की जांच सीआईडी से कराने की घोषणा की। विशेष लोक अभियोजक प्रवीन चाह्वाण के कार्यालय में उन्होंने कहा कि इस 'स्टिंग ऑपरेशन' की जांच की जाएगी। निचले सदन में कानून व्यवस्था को लेकर बहस के दौरान उन्होंने कहा कि विशेष लोक अभियोजक प्रवीन चाह्वाण ने इस्तीफा दे दिया।
नवाब मलिक की बेटी ने किया फडणवीस पर पलटवार
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक की बेटी ने सोमवार को भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के आरोपों को खारिज कर दिया। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया था कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार ने राज्य के वक्फ बोर्ड में भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन और आतंकवादी दाऊद इब्राहिम से जुड़े लोगों को नियुक्त किया है।
सना मलिक-शेख ने फडणवीस पर पलटवार करते हुए कहा कि यह उनके (2014-19) नेतृत्व वाली राज्य की पिछली सरकार थी, जिसने मुदासिर लांबे को नियुक्त किया था, जिन पर भाजपा नेता ने दाऊद इब्राहिम के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई की उपाध्यक्ष सना मलिक-शेख ने ट्विटर पर फडणवीस के साथ लांबे की तस्वीर भी साझा की।