ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की ओर से पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित किए गए पूर्व विधायक जीबन प्रदीप दास ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। दास ने बालासोर विधानसभा क्षेत्र से बीजद के टिकट पर 2009 और 2014 में जीत दर्ज की थी। हालांकि, इस्तीफा देने के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का आभार भी जताया ।
दास ने कहा, 'मैंने बीजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।' पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोपों को खारिज करते हुए दास ने कहा कि सरकार और पार्टी के प्रति वफादार रहने के बावजूद मुझे निलंबित कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि बीजद नेताओं का एक धड़ा उनके खिलाफ था। दास ने साल 2000 में विधानसभा चुनाव में बालासोर सीट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी।