क्वाड देशों के नेताओं के शुक्रवार को हुए पहले सम्मलेन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने भाग लिया। इस सम्मलेन का एजेंडा कोरोना वायरस के टीके, जलवायु परिवर्तन, उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे मुद्दों पर रहा।
इस सम्मेलन से निकले परिणामों को लेकर विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि 'क्वाड टीका पहल' सबसे ज्यादा जरूरी और मूल्यवान है। विदेश सचिव ने कहा कि क्वाड राष्ट्रों ने अपने वित्तीय संसाधनों, विनिर्माण क्षमताओं और साजो-सामान(लाजिस्टिकल) क्षमता को साझा करने की योजना पर सहमति व्यक्त की है।
हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि इस क्वाड टीका पहल का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में कोविड-19 टीकों के विनिर्माण और वितरण में तेजी लाना है, जिससे सबकी मदद की जा सके। विदेश सचिव ने आगे कहा कि भारत इस क्वाड टीका पहल का स्वागत करता है क्योंकि यह हमारी अपनी विनिर्माण क्षमताओं को मान्यता देता है।