भारत के विदेश सचिव हर्षवर्द्धन श्रृंगला ने कहा कि कोरोना महामारी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल इसके विपरीत असर का अपवाद नहीं हैं। उन्होंने स्वास्थ्य संकट से मुकाबला करने के लिए द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर बृहद् सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ग्यावली को एंटी वायरस दवा रेमडेसिविर की दो हजार शीशी सौंपने के बाद श्रृंगला बात कर रहे थे। कोविड-19 महामारी से निपटने में हिमालयी देश को भारत की तरफ से जारी सहयोग के तहत उसे रेमडेसिविर सौंपी गयी।
दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर द्विपक्षीय संबंधों में आई कड़वाहट के बाद नेपाल के विदेश सचिव भरत राज पौडयाल के निमंत्रण पर श्रृंगला नेपाल के पहले दौरे पर आए हैं। उन्होंने कहा, 'कोविड-19 अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में बड़ी बाधा है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद दुनिया ने इस तरह का संकट नहीं देखा था। हमारे दोनों देश कोविड-19 के विपरीत असर का अपवाद नहीं हैं।'
श्रृंगला गुरुवार की सुबह त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय संवाददाताओं से कहा, 'मैं यहां पहले भी आना चाहता था लेकिन कोविड-19 के चलते नहीं आ सका था। यहां आकर मैं बहुत खुश हूं। मैं काठमांडू पहले भी आया हूं, हालांकि विदेश सचिव के तौर पर यह मेरी पहली नेपाल यात्रा है। हमारे सबंध बहुत मजबूत हैं। इस रिश्ते को और प्रगाढ़ करने का हमारा प्रयास होगा।'
उन्होंने कहा, 'मैं नेपाल की सरकार और विदेश सचिव को गर्मजोशी से किए गए इस स्वागत के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। हम महत्वपूर्ण मुद्दों पर बैठक करने वाले हैं। मेरी पहली मुलाकात नेपाल के विदेश सचिव से होगी और उसके बाद मैं विदेश मंत्री प्रदीप ग्यावली से भेंट करूंगा। मैं काठमांडू में गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करूंगा।' नेपाली विदेश मंत्रालय ने इस सप्ताह एक वक्तव्य जारी कर कहा था कि यह दौरा दोनों पड़ोसी देशों के बीच जारी उच्च स्तरीय बातचीत का एक हिस्सा है।
श्रृंगला ने कहा कि वर्ष 2015 में आए भूकंप के केंद्र गोरखा में पचास हजार घरों का निर्माण कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आश्वासन दिया था जिनमें से चालीस हजार घरों का निर्माण पूरा हो चुका है। श्रृंगला, तिब्बत सीमा पर स्थित मनंग जिले में एक बौद्ध मठ का उद्घाटन भी करेंगे जिसका पुनर्निर्माण भारत की सहायता से किया गया है।
इस बीच, श्रृंगला के भारत लौटने के कुछ समय बाद ही चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंगे के नेपाल दौरे पर आने का कार्यक्रम निर्धारित है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने यहां जानकारी दी। वेई रविवार को यहां चार दिवसीय दौरे पर आ सकते हैं, हालांकि यात्रा की तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की गई है।