बातचीत के बाद सुषमा ने कहा कि वांग के साथ हुई दो घंटे तक चली बातचीत के निष्कर्ष से वह संतुष्ट हैं। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लोगों का लोगों से संपर्क बढ़ाने तथा सांस्कृतिक आदान प्रदान को और गति देने के बारे में चर्चा हुई ।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और चीन सांस्कृतिक आदान प्रदान एवं लोगों का लोगों से संपर्क बढ़ाने के लिए सहयोग के '10 स्तंभों' पर सहमत हुए हैं। सुषमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुए वुहान शिखर सम्मेलन के बाद द्विपक्षीय सहयोग में महत्वपूर्ण सुधार आया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सेनाएं भी सहयोग बढ़ा रही हैं ।
इन 10 स्तंभों में सांस्कृतिक आदान प्रदान, फिल्म और टीवी के क्षेत्र में सहयोग, संग्रहालय प्रशासन में सहयोग, खेल के क्षेत्र में सहयोग, युवाओं के बीच आदान-प्रदान, पर्यटन पर सहयोग, राज्यों और शहरों के बीच आदान-प्रदान, पारंपरिक चिकित्सा में सहयोग, योग में सहयोग और शिक्षा में सहयोग शामिल है। वांग ने भारत-चीन संबंधों के इतिहास में सांस्कृतिक आदान प्रदान और जनता के बीच सरोकार को एक ‘महत्वपूर्ण पहल’ करार दिया है।