महाराष्ट्र एफडीए ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर ब्लिंकिट के अकोला सेंटर और मुंबई के मलाड तथा कुर्ला स्थित दो होटलों के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच में भारी गंदगी, कॉकरोच, दूषित खाद्य पदार्थ, खराब ड्रेनेज, बिना मेडिकल सर्टिफिकेट वाले खाद्य कर्मचारी और असुरक्षित स्टोरेज जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। मलाड के ठिकाने पर बिना टेस्ट रिपोर्ट के अनफिल्टर्ड नल के पानी का इस्तेमाल और लाइसेंस के दायरे से बाहर खाद्य पदार्थ तैयार करने का मामला भी सामने आया। वहीं, ब्लिंकिट सेंटर में पहले जारी सुधार नोटिस के बावजूद कई कमियां दूर नहीं की गई थीं। एफडीए ने स्पष्ट किया है कि खाद्य गुणवत्ता और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
अचानक निरीक्षण में सामने आईं कई गंभीर खामियां
एफडीए की टीमों ने मुंबई के पश्चिमी उपनगर मलाड स्थित दिल्ली स्वीट एंड भेलपुरी हाउस, कुर्ला स्थित गुलजार मोहम्मदी होटल और अकोला में ब्लिंकिट के हब का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान गंदे नालों के पास खाद्य पदार्थ रखे होने, बिना जरूरी प्रमाणपत्र वाले खाद्य कर्मचारियों और नियमों के पालन को लेकर पहले जारी किए गए नोटिस के बावजूद कमियां दूर नहीं किए जाने जैसी कई गंभीर खामियां सामने आईं।
मलाड में बिना जांच के नल के पानी का इस्तेमाल
एजेंसी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मलाड स्थित ठिकाने पर खाना बनाने और पीने के लिए बिना फिल्टर किए नल के पानी का इस्तेमाल किया जा रहा था। खास बात यह रही कि इस पानी की गुणवत्ता से जुड़ी कोई टेस्ट रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।
लाइसेंस कुछ और, तैयार हो रहे थे कई तरह के खाद्य पदार्थ
जांच में पता चला कि यह संस्थान लस्सी, मिठाइयां, पनीर और फरसाण जैसी चीजों का उत्पादन करने के साथ उनकी री-पैकिंग भी कर रहा था। जबकि उसके पास केवल कैटेगरी 16 यानी ‘तैयार खाद्य पदार्थ’ के लिए लाइसेंस था।
बिना लेबल का पनीर और एक्सपायरी डेट के बिना लस्सी जब्त
एफडीए ने मौके से बिना लेबल वाला पनीर और बिना एक्सपायरी डेट वाली लस्सी जब्त की। जांच में वहां काम करने वाले 36 खाद्य कर्मचारियों में से 26 के पास अनिवार्य मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं पाए गए। कुछ कर्मचारी बिना पट्टी बांधे जले हुए घावों के साथ खाद्य पदार्थ संभालते मिले, जबकि कुछ के नाखून भी कटे हुए नहीं थे।
कुर्ला के होटल को सिर्फ 28 फीसदी अंक
FDA ने 27 अगस्त को किए गए निरीक्षण के बाद कुर्ला वेस्ट स्थित गुलजार मोहम्मदी होटल का फूड रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान होटल का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और उसे 88 में से केवल 24 अंक मिले, यानी महज 28 प्रतिशत।
कॉकरोच से लेकर दूषित खाने तक, मिलीं कई खामियां
निरीक्षण के दौरान होटल में स्वच्छता की बेहद खराब स्थिति, कॉकरोच की मौजूदगी, दूषित खाद्य पदार्थ, खराब ड्रेनेज सिस्टम और पानी की अनिवार्य जांच से जुड़ी रिपोर्ट का अभाव पाया गया। FDA ने इन सभी कमियों को खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना।
सस्पेंशन के दौरान होटल में नहीं बन सकेगा खाना
एफडीए की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि लाइसेंस निलंबित रहने के दौरान होटल को खाद्य पदार्थों का उत्पादन, भंडारण, बिक्री या वितरण करने की अनुमति नहीं होगी।
ब्लिंकिट के अकोला सेंटर में भी कमियां बरकरार
अकोला में एफडीए ने ब्लिंकिट सेंटर का राज्य खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया। दोबारा किए गए निरीक्षण में सामने आया कि सुधार नोटिस में बताई गई कई कमियों को अब तक ठीक नहीं किया गया था। इनमें खराब स्टोरेज व्यवस्था और अनुपयुक्त रैक का इस्तेमाल जैसी खामियां शामिल थीं।
31 अगस्त की सुनवाई के बाद लाइसेंस सस्पेंड
एफडीए की यह कार्रवाई 31 अगस्त को हुई सुनवाई के बाद की गई। खाद्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक नियमों का पालन नहीं करने के कारण ब्लिंकिट सेंटर का लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें:
बगावत के बाद सांसदी बचाने की जंग: टीएमसी के सांसदों ने लोकसभा सचिवालय से मांगा तीन हफ्ते का समय, अब आगे क्या?
एफडीए कमिश्नर ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा कि प्रशासन खाद्य गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।