त्योहार का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे खाद्य विभाग भी कार्रवाई तेज कर रहा है। गुरुवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि पिछले तीन महीनों में महाराष्ट्र के भोजनालयों सहित 5,244 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 24.42 करोड़ रुपये की मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की गई है।
मामले में एफडीए ने एक विज्ञप्ति जारी की। विज्ञप्ति में विभाग ने कहा कि इसमें दूध, मिठाई, खोया, मावा, सूरजमुखी तेल और पाम तेल शामिल हैं। नौ करोड़ रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा भी जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
रेलवे कर्मियों के खिलाफ सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रेलवे के पार्सल प्रबंधन में अनियिमितताओं के आरोप में निजी व्यक्तियों सहित रेलवे के दस लोक सेवकों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलएलटी), कुर्ला, मध्य रेलवे, मुंबई के पार्सल विभाग और यार्ड विभाग में तैनात मुख्य पार्सल पर्यवेक्षकों, मुख्य यार्ड मास्टर, उप स्टेशन प्रबंधक (यार्ड) और अन्य तत्कालीन लोक सेवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही सीबीआई ने निजी व्यक्तियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
सीबीआई द्वारा दर्ज पहले मामले में आरोप है कि पार्सल विभाग के अधिकारी निजी लोडरों और पट्टाधारकों को लाभ पहुंचाने के लिए रोजाना नकद या यूपीआई के माध्यम से रिश्वत ले रहे थे। वहीं, दूसरे मामले में आरोप है कि यार्ड विभाग में तैनात मध्य रेलवे के उक्त लोक सेवक निजी एजेंटों से नकद और यार्ड में तैनात पॉइंट-मैन से यूपीआई के माध्यम से रिश्वत ले रहे हैं।
केरल : कंडाला सेवा सहकारी बैंक पर ईडी के छापे दूसरे दिन भी जारी
दक्षिणी केरल जिले में स्थित एक सहकारी बैंक पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जारी रहे। एजेंसी ने बैंक के पूर्व अध्यक्ष और भाकपा नेता एन बासूरंगन के आवास सहित कई ठिकानों पर छापे मारे। छापों के बीच बासूरंगन को बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कर्नाटक : टिकट धोखाधड़ी मामले में महंत हलश्री को मिली जमानत
कर्नाटक हाईकोर्ट ने धोखाधड़ी के मामले में आरोपी हिरेहादगली हलस्वामी मठ के महंत अभिनव हलश्री को जमानत दे दी है। महंत राज्य में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के लिए एक व्यवसायी से भाजपा का टिकट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में तीसरे आरोपी है। न्यायमूर्ति विश्वजीत शेट्टी की पीठ ने बुधवार को महंत को जमानत दे दी। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने पीठ को अवगत कराया कि जांच अधिकारियों ने बुधवार को निचली अदालत में आरोपपत्र दायर कर दिया है। याचिकाकर्ता के वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण श्याम ने तर्क दिया कि चूंकि आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है इसका मतलब जांच पूरी हो चुकी है। ऐसे में अभिनव हलश्री स्वामी को हिरासत में रखना अनावश्यक है।
महाराष्ट्र : अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, दस घायल
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें पुलिस के दस जवान घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, बुधवार की देर रात अंधेरी पुलिस स्टेशन से एक टीम कल्याण के पास ईरानी बस्ती में अपराधी को पकड़ने गई थी। हमले में महिलाएं भी शािमल थी। पुलिस टीम पर हमले के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।
पूर्व उच्चायुक्त पर ऑस्ट्रेलियाई काेर्ट का फैसला भारत ने किया खारिज
भारत ने बृहस्पतिवार को ऑस्ट्रेलिया की एक अदालत के उस फैसले को सिर से खारिज कर दिया, जिसमें कैनबरा में पूर्व भारतीय उच्चायुक्त नवदीप सिंह सूरी को अपनी पूर्व घरेलू कर्मचारी को हजारों डॉलर मुआवजे देने का आदेश दिया गया था। महिला कर्मचारी ने सूरी पर अनुचित कामकाजी परिस्थितियों में काम कराने का आरोप लगाया था। विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के पास भारतीय उच्चायोग के कर्मचारियों से संबंधित मामलों पर निर्णय लेने का कोई हक नहीं है। उन्होंने राजनयिक संबंधों पर वियना संधि के तहत अपने दायित्वों को बनाए रखने का आह्वान किया।
चुराचांदपुर में उग्रवादियों ने की गोलीबारी
मणिपुर के बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिले की सीमा पर बसे मुलंगट गांव में बृहस्पतिवार की सुबह गोलीबारी की घटना हुई। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस बीच क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब सात बजे, लगभग 100 हथियारबंद उग्रवादियों ने सामान्य क्षेत्र तेराखोंगसांगबी (बिष्णुपुर जिला) में जुटना शुरू कर दिया और मुआलनगत गांव (चुराचांदपुर जिला) में प्रवेश करने का प्रयास किया। उग्रवादियों ने मुआलनगत गांव की ओर छोटे हथियारों से कुछ राउंड फायरिंग की और तीन मोर्टार भी दागे, जिसमें से एक मोर्टार शेल फट गया।
सुरजेवाला को 23 साल पुराने मामले में सुप्रीम राहत, गिरफ्तारी पर रोक
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को 23 साल पुराने आपराधिक मामले में सुप्रीम कोर्ट से बृहस्पतिवार को राहत मिली। शीर्ष अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर पांच हफ्ते की रोक लगाई है। वाराणसी की एमपी/एमएलए कोर्ट ने सुरजेवाला के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। सीजेआई की अध्यक्षता वाली पीठ ने सुरजेवाला को पांच हफ्ते के अंदर एमपी/एमएलए कोर्ट के विशेष जज के समक्ष गैर जमानती वारंट रद्द करने की अर्जी दाखिल करने की इजाजत दी है। पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता को गैर जमानती वारंट रद्द करने के लिए आवेदन दायर करने की स्वतंत्रता दी गई है।
सरकारी अभियंता के पास मिली करोड़ों की संपत्ति, गिरफ्तार
ओडिशा में एक वरिष्ठ सरकारी इंजीनियर को भ्रष्टाचार के मामले में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 4.02 करोड़ की जमा राशि बरामद की गई है। एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है। सतर्कता विभाग को उसकी संपत्तियों की तलाशी के दौरान भुवनेश्वर में एक दो मंजिला इमारत, भद्रक में एक मंजिला इमारत, भुवनेश्वर और भद्रक में छह भूखंड, 3.18 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण भी मिले।
श्रीलंका ले जाया जा रहा 300 किलो गांजा जब्त, 8 गिरफ्तार
तमिलनाडु में नागपट्टिनम जिले से 300 किलो गांजा जब्त किया गया है। इस सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार गांजे को आंध्र-ओडिशा सीमा से लाया गया था। इसे समुद्र के रास्ते श्रीलंका में तस्करी करने का इरादा था। नागपट्टिनम के पुलिस अधीक्षक हर्ष सिंह ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चार पहिया वाहन, एक हुंडई क्रेटा और एक वोक्सवैगन टाइगन और तीन दोपहिया वाहन जब्त किए।
फाइबरनेट मामला...नायडू की जमानत पर सुनवाई 30 तक टली
सुप्रीम कोर्ट ने फाइबरनेट मामले में अग्रिम जमानत के आग्रह वाली तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की याचिका पर सुनवाई बृहस्पतिवार को 30 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी। न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस और न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने मामले को यह कहते हुए टाल दिया कि कौशल विकास घोटाला मामले में नायडू द्वारा दायर एक अन्य याचिका पर फैसला अदालत की दीपावली की छुट्टियों के बाद आने की संभावना है।
केजरीवाल को झटका, पीएम की डिग्री मामले में समीक्षा अर्जी खारिज
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रधानमंत्री की डिग्री मामले में गुजरात हाईकोर्ट से झटका लगा है। हाईकोर्ट ने केजरीवाल की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें पीएम मोदी की शैक्षणिक डिग्री के बारे में जानकारी देने के लिए गुजरात विश्वविद्यालय को केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के निर्देश को रद्द करने के अपने पहले के आदेश की समीक्षा की मांग की गई थी।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद ‘चलो अयोध्या अभियान’ चलाएगी महाराष्ट्र भाजपा
सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एजेंडे को धार देने के लिए अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद राज्य के लोगों को रामलला के दर्शन कराने के लिए महाराष्ट्र भाजपा 'चलो अयोध्या अभियान' चलाएगी। अभियान की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रदेश कार्यालय में भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा की वेबसाइट को लांच करने के बाद महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि पार्टी ने प्रदेश के लोगों को अयोध्या ले जाने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद राज्य के आम लोगों को दर्शन के लिए अयोध्या ले जाने की तैयारी की गई है। इसकी विशेष जिम्मेदारी प्रदेश भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पांडेय को सौंपी गई है। बावनकुले ने संजय पांडेय को यह दायित्व सौंपते हुए कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी घर-घर जाएं।
इस बार तेलंगाना से भ्रष्ट केसीआर की विदाई तय : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, केसीआर और केटीआर का भ्रष्टाचार अपनी पार्टी का नाम बदल लेने से नहीं छुपेगा । इन्होंने कालेश्वरम बांध प्रोजेक्ट में हजारों करोड़ रुपये का गबन किया है। केसीआर का पूरा परिवार भ्रष्टाचार में लिप्त है। प्रदेश की जनता इनसे मुक्ति चाहती है और विकल्प के रूप में भाजपा को चाहती है। इस बार भ्रष्ट केसीआर की तेलंगाना से विदाई तय है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग बृहस्पतिवार को तेलंगाना पहुंचे। यहां उन्होंने विशाल रोड शो व जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, दिल्ली के भ्रष्ट वीरों की तर्ज पर तेलंगाना के भ्रष्टाचारियों का भी नंबर जल्द आएगा। इस बार तेलंगाना के युवा केसीआर को इसलिए भी हराएंगे, क्योंकि केसीआर ने तेलंगाना के अनुसूचित जातियों को 50 हजार करोड़ रुपये और तीन-तीन एकड़ जमीन देने का वादा किया था जो नहीं निभाया है।
मतदाताओं का जनप्रतिनिधि पर भरोसा बेहद जरूरी : सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व व वर्तमान सांसदों-विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामलों के लंबित रहने पर चिंता जताते हुए कहा कि संसदीय लोकतंत्र के संवादात्मक, कुशल और प्रभावी कामकाज के लिए निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं का अपने राजनीतिक प्रतिनिधि, चाहे वह सांसद हो या विधायक, पर भरोसा होना आवश्यक है। पीठ ने कहा, हालांकि ऐसे आत्मविश्वास की उम्मीद करना मुश्किल है, जब हमारी राजनीति में ऐसे आंकड़े बड़े पैमाने पर सामने आते हैं। नवंबर, 2022 तक लंबित 5,175 मामलों में पांच वर्ष से अधिक सजा के 2,116 मामले हैं। यह कुल मामलों का 40 फीसदी से अधिक है। यह एक बड़ी संख्या है।
हाईकोर्ट की वेबसाइट पर बने एक स्वतंत्र टैब...पीठ ने कहा, सभी हाईकोर्ट अपनी वेबसाइट पर एक स्वतंत्र टैब बनाएंगे जिसमें मुकदमे दाखिल करने के वर्ष, लंबित मामलों की संख्या और कार्यवाही के चरण के विवरण के बारे में जिलेवार जानकारी दी जाएगी। हम यह स्पष्ट करते हैं कि ऐसे मामलों की निगरानी करते समय विशेष पीठ ऐसे आदेश पारित कर सकती है या ऐसे अतिरिक्त निर्देश दे सकती है जो मामले के शीघ्र निपटान के लिए आवश्यक हों।
गवाही की मूल प्रति दाखिल करने में देरी निंदनीय, नियम बदलें
सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद या मृत्युदंड से जुड़ी आपराधिक अपीलों में प्रमुख गवाहों की गवाही की मूल प्रति देरी से दाखिल करने की प्रथा की निंदा की। ऐसे बयानों की सॉफ्ट कॉपी दाखिल करने में सक्षम बनाने के लिए शीर्ष अदालत के नियमों में बदलाव का सुझाव दिया।
जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस संजय करोल की पीठ दो व्यक्तियों की आपराधिक अपील पर फैसला कर रही थी। शीर्ष अदालत ने हत्या में भादसं की धारा 302 समेत विभिन्न प्रावधानों के तहत आरोपी सजीव और रॉय को उम्रकैद की सजा के ट्रायल कोर्ट और केरल हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। सजीव की मृत्यु शीर्ष अदालत के फैसला सुरक्षित रखने के बाद हुई और परिणामस्वरूप, उनके खिलाफ दोषसिद्धि और सजा रद्द कर दी गई।
यह मामला जहरीली शराब से जुड़ा है। इसके कारण 2003 में केरल में सात लोगों की मौत हो गई, 11 लोग अंधे हुए और 40 से अधिक लोग घायल हो गए थे। दोषसिद्धि को बरकरार रखते हुए पीठ ने जघन्य आपराधिक मामलों में मुख्य गवाहों की गवाही की मूल प्रतियों को देर से दाखिल करने के कारण सुप्रीम कोर्ट में अपील की सुनवाई में हुई देरी पर भी नाराजगी जताई।
केरल सचिवालय को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार
केरल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने बताया, उसने फर्जी फोन किया था। पुलिस ने बताया, आरोपी निधिन मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वह पोझियूर (तिरुवनंतपुरम) के उचक्कड़ा का रहने वाला है। बता दें कि पुलिस नियंत्रण कक्ष में फोन कर दावा किया गया था, सचिवालय परिसर में धमाका किया जाएगा। पुलिस ने खोजी कुत्तों की मदद से सुरक्षा बढ़ा दी थी।