ई कॉमर्स फूड डिलीवरी एप्स जैसे जोमैटो, स्वीगी, अर्बन ईट्स और फूड पांडा ने अपनी लिस्ट से 10,500 रेस्टोरेंट्स के नाम हटा दिए हैं। जिसका कारण है उनके पास खाद्य सुरक्षा नियामक की मंजूरी न होना। यह फैसला भारत की खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा जुलाई में जारी किए गए सख्य निर्देशों के बाद लिया गया है। एफएसएसएआई ने कहा था कि उन सभी रेस्टोरेंट्स को हटाया जाए जिनके पास लाइसेंस नहीं हैं और जो गैर पंजीकृत हैं। इन रोस्टोरेंट्स को 30 सितंबर तक हटाने के निर्देश दिए गए थे।
हाल ही में हुई समीक्षा से एफएसएसएआई ने पाया कि जोमैटो ने 2500, स्वीगी ने 4,000, फूड पांडा ने 1800 और अर्बन ईट्स ने 2,000 पार्टनर होटलों को हटा दिया है। इसके अलावा अन्य प्लेटफॉर्म ने भी 200 रेस्टोरेंट को हटा दिया है। एफएसएसएआई का कहना है कि हटाए गए रेस्टोरेंट की लिस्ट भी उन्हें सौंपी जाए ताकि डिफॉलर्ट्स के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
खाद्य नियामक ने ई कॉमर्स साइट्स के साथ अनुपालन के लिए एक चेकलिस्ट साझा की थी। जिसके बाद जोमैटो और स्वीगी ने अपने पार्टनर होटल और रेस्टोरेंट के साथ आंतरिक फूड सेफ्टी अनुपालन संचालित किया। एफएसएसएआई के एक अधिकारी ने बताया कि ये एग्रीगेटर की जिम्मेदारी कि जो भी होटल या रेस्टोरेंट उसकी ई कॉमर्स साइट का इस्तेमाल कर रहे हैं वह नियमों का पालन करें।