सिक्किम में 1,700 लोग निकाले गए
सिक्किम में भूस्खलन के बाद फंसे 34 लोगों को दो एमआई-17 वी5 हेलिकॉप्टरों की मदद से सुरक्षित निकाल कर पास के पाकयोंग हवाई अड्डे पर पहुंचाया गया है। राज्य में राज्य के विभिन्न हिस्सों में फंसे अब तक 1,700 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
सैनिकों-सैलानियों की तलाश जारी
सिक्किम के लाचेन शहर के छतेन में सैन्य शिविर पर भूस्खलन के बाद लापता छह सैनिकों की तलाश तेज कर दी गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 23 सदस्यीय टीम को भी तलाशी अभियान में लगाया गया है। वहीं, उफनती तीस्ता नदी में वाहन के साथ बहे आठ लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। 29 मई की रात वाहन एक हजार फीट नीचे नदी में गिर गया था। इसमें 11 लोग सवार थे, जिनमें से दो लोगों को सुरक्षित निकाल गया था, जबकि एक की मौत हो गई थी, शेष लोगों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। वहीं, मेघालय में एनडीआरएफ के जवान इंदौर की एक लापता पर्यटन की तलाश में जुटे हैं। महिला के पति का शव एक दिन पहले पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा इलाके में एक खड्ड में मिला था, जिसकी पहचान राजा रघुवंशी (29) के रूप में हुई थी। राजा और उनकी पत्नी सोनम 23 मई से ही लापता थे। एनडीआरएफ की 17 सदस्यीय टीम सोनम की तलाश में जुटी है।
मिजोरम : 10 दिन में 5 मौतें
बारिश और बाढ़ से मिजोरम भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बीते 10 दिनों के दौरान मूसलाधार बारिश के चलते भूस्खलन की 552 घटनाएं हुई हैं और 152 घरों को नुकसान पहुंचा है। इन घटनाओं में 5 लोगों की जान चली गई है। भूस्खलन या दरारों के कारण 198 परिवारों ने अपने घर छोड़ दिए हैं और बाढ़ के कारण 92 अन्य ने अपने घर खाली कर दिए हैं। बाढ़ से राज्य के 11 जिले प्रभावित हुए हैं। बारिश के चलते 10 जिलों में मंगलवार को पांचवें दिन भी स्कूल बंद रहे।
1.64 लाख लोग मणिपुर में प्रभावित
मणिपुर में बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 1.64 लाख हो गई है। 35,143 घरों को नुकसान पहुंचा है। कम से कम 3,917 बाढ़ प्रभावित लोगों को निकाला गया है जबकि 77 राहत शिविर खोले गए हैं।
पीएम मोदी ने की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से बात कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। जानकारी के मुताबिक पूर्वोत्तर क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन के कारण असम में 17, अरुणाचल में 11, मेघालय में 6, मिजोरम में 5, सिक्किम में 3 और त्रिपुरा में 1 व्यक्ति की मौत हुई हैं।
ये भी पढ़ें:- रूस-यूक्रेन जंग पर डोनाल्ड ट्रंप का सकारात्मक रुख: शांति की जताई उम्मीद, दोनों देशों से बातचीत की अपील