कोरोना का नया रूप सामने आने के बाद भारत ने ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों पर 23 से 31 दिसंबर तक रोक लगा दी थी। लेकिन शुक्रवार को नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राहत भरी जानकारी देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच उड़ानें 8 जनवरी से एक बार फिर से शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी तक दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू और हैदराबाद के लिए केवल 15 उड़ानें प्रति सप्ताह तक सीमित रहेंगी।
कई अन्य देशों ने भी लगाई है ब्रिटेन की उड़ानों पर रोक
बता दें कि भारत के अलावा फ्रांस, जर्मनी, इटली, बेल्जियम, डेनमार्क, बुल्गारिया, आयरिश रिपब्लिक, तुर्की और कनाडा के ब्रिटेन से विमानों की आवाजाही पर रोक लगाने के बाद फ्रांस ने भी ब्रिटेन के लिए अपनी सीमाएं बंद करने का फैसला किया था। इसके अलावे हांगकांग इस्राइल, ईरान, क्रोएशिया, अर्जेंटीना, मोरक्को, चिली और कुवैत शामिल हैं।
भारत में कोरोना के नए स्ट्रेन के चपेट में अब तक 29 लोग
भारत में कोरोना के नए स्ट्रेन से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार को 4 और नए मामले मिले हैं जिससे संक्रमितों की कुल संख्या 29 हो गई है।
बता दें कि मंगलवार तक यह संख्या सिर्फ छह थी। जानकारी के अनुसार अभी तक कुल 107 सैंपल की रिपोर्ट आई है, जिनमें 29 ब्रिटेन के नए स्ट्रेन से संक्रमित मिले हैं। 29 में से सबसे ज्यादा 8 पॉजिटिव मामले दिल्ली की लैब में पाए गए हैं।